ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

मां ने​​ बेटे से सिर्फ खाना निकालकर खाने को कहा, गुस्से में उसने जो किया उससे कांप उठा पूरा परिवार

मां ने​​ बेटे से सिर्फ खाना निकालकर खाने को कहा, गुस्से में उसने जो किया उससे कांप उठा पूरा परिवार

जशपुर, छत्तीसगढ़: मां ने देर रात घर लौटे बेटे से सिर्फ इतना कहा था कि दिन का खाना रखा हुआ है, खुद निकालकर खा लो। लेकिन शराब के नशे में पहुंचे युवक को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने घर में रखी अधजली लकड़ी उठाकर मां पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बहन भी भाई की पिटाई का शिकार हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दिल दहला देने वाली यह घटना जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी उनका 22 वर्षीय बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल बताया गया है।

देर रात दोस्तों के साथ घर लौटा था बेटा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर की शाम महिला के पति सुरेंद्र मिंज एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने के लिए डोडकाचौरा गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे।

रात करीब 11 से 12 बजे के बीच रोशन अपने दोस्तों के साथ शराब के नशे में घर पहुंचा। घर आते ही उसने खाने की मांग की। इस पर मां ने उसे बताया कि दिन का खाना रखा हुआ है और वह खुद निकालकर खा सकता है।

इसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि रोशन ने आपा खो दिया।

चूल्हे के पास रखी अधजली लकड़ी से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आरोपी ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठा ली और मां पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण वेनेदिक्ता जमीन पर गिर पड़ीं।

मां की आवाज सुनकर घर में सो रही बेटी बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने अपनी बहन को भी लकड़ी से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद उसने छोटे भाई को भी धमकाया और वहां से फरार हो गया।

आरोपी के जाने के बाद परिवार के दूसरे सदस्यों ने घायल मां को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई महिला की मौत

परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल वेनेदिक्ता को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया।

अगली सुबह करीब 7 बजे पति सुरेंद्र मिंज को परिचित के जरिए घटना की जानकारी मिली। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। पत्नी से घटना की जानकारी लेने के बाद वह बेटी की दवा लेने घर गए थे। जब वापस लौटे तो उन्हें पत्नी की मौत की सूचना मिली।

इसके बाद पति की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पहले मर्ग कायम किया और जांच के बाद मामले को हत्या में बदल दिया।

कॉलेज में पढ़ता था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी रोशन मिंज मनोरा स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। वह मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता था और 2-3 नवंबर को छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और गवाहों के सामने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजली लकड़ी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस की जानकारी और उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों पर आधारित है। मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अंतिम निर्णय न्यायालय की प्रक्रिया के बाद होगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply