
हरियाणवी सिंगर, एक्टर और यूट्यूबर अंकित बालियान की उत्तर प्रदेश के शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
हत्या से महज 2 घंटे पहले शेयर की थी Reel
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात अंकित बालियान की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या से करीब दो घंटे पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक Reel शेयर की थी। वीडियो में वह हरियाणवी अंदाज में एक ऐसा गाना गाते नजर आए, जिसमें सड़क पर मर्डर और गोलीबारी का जिक्र था।
उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि कुछ ही घंटे बाद अंकित खुद गोलीबारी का शिकार हो जाएंगे। हत्या की खबर सामने आने के बाद उनकी वही Reel सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी।
जिम से बाहर निकलते ही बरसने लगीं गोलियां
घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। अंकित जिम करने के बाद बाहर निकले ही थे कि कथित तौर पर पहले से मौजूद हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने करीब 20 राउंड फायर किए।
अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अंकित को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल हत्या की वजह को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक
अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय थे। सिंगिंग के साथ वह एक्टिंग और YouTube से भी जुड़े हुए थे। कुछ चर्चित कलाकारों के साथ उनके प्रोजेक्ट्स भी रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अंकित आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। उनकी अचानक हुई हत्या की खबर से परिवार, दोस्तों और फैंस में शोक की लहर है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि हत्या से कुछ घंटे पहले अंकित ने जो Reel शेयर की थी, क्या वह महज एक संयोग था या फिर इस पूरी कहानी में कोई और कड़ी छिपी है? पुलिस की जांच से ही इसका जवाब सामने आएगा।



