
करनाल, हरियाणा: निसिंग के गांव सिंगड़ा में बुधवार दोपहर से लापता दो वर्षीय एकांश का शव करीब 23 घंटे बाद घर के पास स्थित जोहड़ से बरामद हुआ। बच्चे की तलाश में पुलिस और बचाव दल ने पूरी रात अभियान चलाया। मासूम का शव मिलने की खबर से पूरे गांव में शोक छा गया।
खेलते-खेलते अचानक लापता हुआ बच्चा
एकांश की मां काजल के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह घर के काम में व्यस्त थीं और उनका बेटा गली में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब उन्होंने बाहर देखा तो एकांश वहां नहीं मिला। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रातभर चला तलाशी अभियान
निसिंग थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी मुख्यालय संदीप कुमार भी अभियान की निगरानी के लिए पहुंचे। तलाश में मधुबन पुलिस अकादमी के जवानों को भी लगाया गया। टीम ने घरों की छतों, पानी की टंकियों, गलियों और आसपास की झाड़ियों तक की जांच की। खोजी कुत्तों और ड्रोन की भी मदद ली गई।
परिजनों की आशंका पर बुधवार रात गोताखोर को बुलाकर जोहड़ में तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली।
ड्रोन से दिखी संदिग्ध आकृति, फिर मिला शव
वीरवार सुबह तलाशी अभियान तेज किया गया। ड्रोन कैमरे से जोहड़ की निगरानी के दौरान एक कोने में संदिग्ध आकृति दिखाई दी। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे का शव बाहर निकाला।
डीएसपी संदीप कुमार के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
सत्यम रिपोर्ट: फिलहाल बच्चे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति सामने आएगी।



