
कर्नाटक के तुमकुरु जिले से एक बेहद अनोखी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। एक ज्वैलरी शॉप से करीब 10 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने अचानक गायब हो गए। दुकान के ताले और शटर पूरी तरह सुरक्षित थे और कहीं भी चोरी या सेंधमारी के निशान नहीं मिले। जब कर्मचारियों ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि किसी इंसान ने नहीं, बल्कि एक चूहे ने गहनों को खींच-खींचकर अपने बिल में पहुंचा दिया था।
सुबह दुकान खुली तो गायब मिले लाखों के गहने
यह मामला तुमकुरु के कैल्टेक्स सर्कल स्थित ‘विश्वास ज्वैलरी’ का है। रोज की तरह जब सुबह कर्मचारियों ने दुकान खोली तो काउंटर से कई कीमती गहने गायब मिले। इनमें 50 ग्राम से अधिक वजन के सोने और हीरे के आभूषण, अंगूठियां और नेकलेस शामिल थे।
दुकान की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ठीक थी। न शटर टूटा था, न ताला और न ही जबरन घुसने के कोई निशान थे। ऐसे में सभी के मन में यही सवाल था कि आखिर इतने महंगे गहने कहां चले गए।
CCTV फुटेज ने खोला पूरा राज
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए कर्मचारियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में जो दिखाई दिया, उसने सभी को चौंका दिया।
एक चूहा बार-बार काउंटर के पास आता है और अपने मुंह से छोटे-छोटे गहनों को खींचकर फर्श पर ले जाता दिखाई देता है। इसके बाद वह उन्हें अपने बिल की ओर ले जाता है। यही वजह थी कि बिना किसी सेंधमारी के लाखों रुपये के गहने अचानक गायब हो गए थे।
बिल की खुदाई में मिला पूरा सामान
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कर्मचारियों ने चूहे के आने-जाने का रास्ता तलाशा और उसके बिल तक पहुंच गए। सावधानी से बिल की खुदाई की गई, जहां से सभी गहने बरामद हो गए।
बिल के अंदर से 10 सोने की अंगूठियां और 3 नेकलेस सुरक्षित मिले। राहत की बात यह रही कि कोई भी आभूषण क्षतिग्रस्त नहीं हुआ और दुकान मालिक को लाखों रुपये के नुकसान से बचा लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं और मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। हालांकि यह घटना असामान्य जरूर है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने साफ कर दिया कि गहने किसी चोर ने नहीं, बल्कि एक चूहे ने अपने बिल तक पहुंचा दिए थे।



