पाकिस्तान में हिंदुओं और सिखों सहित अल्पसंख्यक समुदायों पर बढ़ते अत्याचार गंभीर चिंता का विषय: सांपला

होशियारपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मंडी चूहड़काणा स्थित लगभग 125 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब के साथ की गई तोड़फोड़ की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर हमला नहीं, बल्कि सिख समुदाय की आस्था, इतिहास और अमूल्य विरासत पर सीधा प्रहार है।
सांपला ने कहा कि पाकिस्तान में सिखों सहित अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर लंबे समय से गंभीर चिंताएँ व्यक्त की जाती रही हैं। समयसमय पर मंदिरों और गुरुद्वारों पर हमलों, धार्मिक स्थलों पर अवैध कब्जों, अल्पसंख्यक समुदायों के साथ भेदभाव तथा हिंदू और सिख समुदायों से संबंधित महिलाओं एवं नाबालिग लड़कियों के कथित जबरन धर्म परिवर्तन और विवाह जैसी घटनाओं की रिपोर्टें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार चिंता का विषय रही हैं। ये घटनाएँ इस बात का संकेत देती हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों तथा उनकी धार्मिक विरासत की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभी भी बहुत कुछ किया जाना शेष है। यदि ऐतिहासिक और पवित्र धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं रह सकते, तो यह धार्मिक स्वतंत्रता, कानून के शासन और अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान पाकिस्तान में अनेक मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों तथा अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर लगातार प्रश्न उठते रहे हैं। ऐसे हालात में पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वह केवल आश्वासनों तक सीमित न रहे, बल्कि दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई कर यह विश्वास बहाल करे कि प्रत्येक धार्मिक स्थल और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सांपला ने भारत सरकार द्वारा इस गंभीर मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दृढ़ता से उठाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि पाकिस्तान सरकार को इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच करानी चाहिए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करनी चाहिए तथा गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब का उसके मूल ऐतिहासिक स्वरूप के अनुरूप शीघ्र पुनर्निर्माण सुनिश्चित करना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेरे साथ BJP जिला होशियारपुर के वाइस प्रेसिडेंट अश्वनी ओहरी और BJP नेता अमृत धनोआ मौजूद थे।



