ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ और संबंध बनाने का दबाव, गांव के पंच पर FIR; गिरफ्तारी की मांग लेकर SP ऑफिस पहुंची पीड़िता..

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने गांव के पंच अज्ञात यादव पर छेड़छाड़ और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने अब एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी का उसके परिवार से पहले से परिचय था और उसका घर आना-जाना भी था। आरोप है कि 10 अगस्त को अज्ञात यादव आरटीओ कार्यालय जाने की बात कहकर उसके घर पहुंचा और उसे कॉलेज छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। उस दौरान छात्रा की सहेली भी उसके साथ थी।

कॉलेज पहुंचने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा की सहेली को वहां से जाने के लिए कहा। सहेली के चले जाने के बाद आरोपी ने आधार कार्ड से जुड़े काम का बहाना बनाया और छात्रा से अपनी कुछ ‘उम्मीदें’ होने की बात कही। छात्रा के विरोध करने पर उसने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। डरकर छात्रा अपनी क्लास में चली गई। आरोप है कि आरोपी काफी देर तक कॉलेज के बाहर मौजूद रहा।

छात्रा ने बताया कि अगले दिन 11 अगस्त को आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचा और कॉलेज चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद दोपहर में आरोपी ने छात्रा की सहेली को फोन किया। आरोप है कि उसने छात्रा को उसके लिए ‘सेट’ कराने की बात कही और बदले में उसकी मांग पूरी करने की पेशकश की। सहेली ने इनकार कर फोन काट दिया और पूरी बात छात्रा को बता दी।

इसके बाद छात्रा ने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छेड़छाड़ और आपराधिक दबाव से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता और उसकी सहेली के बयान भी दर्ज किए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी वजह से वह अपने परिवार और सहेली के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता की सहेली ने भी आरोपी पर आपत्तिजनक बातचीत और दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। दोनों का दावा है कि शिकायत के बाद उन पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत और दर्ज FIR के आधार पर मामले की जांच जारी है। वहीं, पीड़िता ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply