
यूपी के उरई में अजीबोगरीब लव ड्रामा सामने आया। एक महिला ने अपने ही बहनोई प्रेमी को तीन दिन से बक्से में छिपा रखी थी। चूहा समझ जब परिवार वालों ने उसे पकड़ा तो गांव में प्रेमिका के साथ उसे परेड करवाई।
कालपी कोतवाली के गांव मैनूपुर में अपने प्रेमी युवक को महिला ने घर के अंदर कमरे में एक बड़े लोहे के बक्से में छिपा दिया। युवक रात में सभी के सो जाने पर बाहर निकलता और दिन में फिर बक्से में छिप जाता था। बुधवार सुबह महिला की जेठानी को देवरानी के कमरे में रखे बक्से से कुछ आवाज आई तो उसने चूहा घुसने के संदेह पर उसे खोल दिया तो उसमें उसका प्रेमी (रिश्ते का बहनोई) बाहर निकला।
गांव के लोगों ने पहुंचकर प्रेमी युवक को जमकर पीटा और फिर महिला के साथ उसे पूरे गांव में घुमाया गया। कालपी पुलिस ने पहुंच कर मामला शांत कराया। हालांकि महिला व अन्य ने किसी तरह की कोई शिकायत नहीं की है। बक्से से बाहर आने व गांव में घुमाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
दो साल पहले महिला के पति की हो चुकी थी मौत
ग्राम मैनूपुर निवासी 35 वर्षीय महिला के पति की दो साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसका एक सात वर्षीय पुत्र भी है। पति की मौत के बाद ग्राम बिजुआपुर निवासी बहनोई गोविंद निषाद का उसके घर आना जाना था। इस कारण उसके उससे संबंध हो गए थे।
पत्नी से मारपीट कर भाग आया था बहनोई
तीन महीने पहले गोविंद निषाद अपनी पत्नी के साथ मारपीट करके घर से भाग गया था। उसकी भी तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। तीन दिन पहले चोरी छिपे गोविंद मैनूपुर आया और रिश्ते में सलहज के घर में रुक गया। किसी को शक न हो इस कारण महिला ने उसे घर के दूसरे कमरे में रखे बक्से में छिपा दिया।
दिन भर बक्से में रहता और रात में बाहर निकलता
दिन भर वह बक्से में बंद रहता था और रात में सभी के सो जाने पर बाहर आ जाता था। बुधवार की सुबह महिला काम में व्यस्त हो गई तो उसके बक्शे से आवाज आने लगी इस पर जेठानी ने बक्सा खोल दिया तो उसमें उसका प्रेमी (रिश्ते में बहनोई) बाहर निकला। इस बात की सूचना पूरे गांव में आग की तरफ फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसके बाद लोगों ने महिला व उसके प्रेमी के साथ जमकर मारपीट की और बुधवार की सुबह पूरे गांव में घुमाया।
अभी कोई शिकायत नहीं मिली
हंगामा होने की सूचना ग्रामीणों ने कालपी कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी फोर्स के साथ पहुंचे और मामला शांत कराया। महिला ने किसी भी तरह की शिकायत करने से इन्कार कर दिया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।



