IndiaTrendingUttar Pradesh

कारोबारी के घर 1.29 करोड़ की चोरी का खुलासा, खाने में नींद की गोली मिलाकर नौकरों ने रातों-रात उड़ाए नोटों के बोरे

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस ने एक कारोबारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। इस महाचोरी को किसी बाहरी ने नहीं बल्कि घर के ही तीन वफादार नौकरों ने फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिया था। नौकरों ने पहले मालिक के पूरे परिवार को खाने में नींद की गोलियां देकर बेहोश किया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर नोटों से भरे बैग ले उड़े। पुलिस ने इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये का कैश बरामद किया है।

कारोबारी के घर 1.29 करोड़ की चोरी का खुलासा, खाने में नींद की गोली मिलाकर नौकरों ने रातों-रात उड़ाए नोटों के बोरे

खाने में नींद की गोली मिलाकर बेहोश किया परिवार

अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने शनिवार देर रात वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 16 और 17 जुलाई की मध्यरात्रि को रेलवेगंज निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर से भारी नकदी चोरी होने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि घर में काम करने वाले तीनों नौकरों की नीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्होंने साजिश के तहत पूरे परिवार के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं, जिससे सभी लोग गहरी नींद में सो गए। इसके बाद नौकरों ने अपने बाहर के साथियों को कॉल कर बुला लिया। आरोपी एक वाहन और ‘छोटा हाथी’ लेकर पहुंचे और घर से नकदी से भरे बैग लादकर आसानी से फरार हो गए।

1.29 करोड़ का कैश बरामद, पुलिस की 3 टीमों ने किया पर्दाफाश

वारदात के बाद पीड़ित कारोबारी पंकज अग्रवाल ने अपने तीनों नौकरों पर शक जताते हुए उनके खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली शहर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसओजी, स्वाट और स्थानीय पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देते हुए 25 जुलाई को इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं।

मास्टरमाइंड नौकरों समेत पूरे गिरोह की गिरफ्तारी

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि तीनों नौकरों ने चोरी से पहले दो बाल अपचारियों और अन्य साथियों से संपर्क कर पूरी योजना बनाई थी। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के 14 सदस्यों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बेलाहा निवासी अजय शुक्ला व विशाल उर्फ गोलू, ग्रामेडा निवासी शोभित, नगेटा पूर्वी निवासी बदन, केशव, शिवम व नीरज, सुरसा क्षेत्र के बर्रा डाल सिंह निवासी परम किशोर, जमादार कॉलोनी निवासी सनी वाल्मीकि, बेहटागोकुल के कोडरा सरैया निवासी प्रिंस के साथसाथ लखनऊ के मड़ियाव निवासी दीपक साहू, सनी गुप्ता व अमान और बाराबंकी निवासी महफूज उर्फ लाली शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो बाल अपचारियों को भी अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply