
जहानाबाद, बिहार: बिहार के जहानाबाद जिले में दो दिन से लापता पुलिस कांस्टेबल का शव शनिवार को दरधा नदी से बरामद किया गया। कांस्टेबल धनेश्वर एक ड्रग सप्लायर को पकड़ने गई पुलिस टीम का हिस्सा थे। इसी दौरान कथित नशा तस्करों के साथ पुलिसकर्मियों की झड़प हो गई थी, जिसके बाद से वह लापता थे। शव मिलने के साथ ही उनकी सर्विस पिस्तौल, मोबाइल फोन, अंगूठी और वॉलेट भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद टाउन थाने में तैनात ‘टाइगर मोबाइल’ के तीन जवानों को सूचना मिली थी कि पड़ोसी जिले गया के बेलागंज का एक ड्रग सप्लायर स्मैक की खेप पहुंचाने के लिए एसएस कॉलेज आने वाला है। सूचना के आधार पर तीनों जवान उसे पकड़ने पहुंचे थे।
पुलिसकर्मियों ने जब सप्लायर को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो वहां कथित ड्रग तस्करी गिरोह के सदस्यों के साथ उनकी झड़प हो गई। इस दौरान तीन जवानों में से दो ने सप्लायर को पकड़ लिया और उसे थाने ले आए, लेकिन कांस्टेबल धनेश्वर का कोई पता नहीं चला।
छठ घाट के पास मिला शव
दो दिन तक लापता रहने के बाद शनिवार को धनेश्वर का शव काको थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरधा नदी में एक छठ घाट के पास मिला। शव बरामद होने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि कांस्टेबल का शव मिलने के साथ उनकी सर्विस पिस्तौल, मोबाइल फोन, अंगूठी और वॉलेट भी सुरक्षित हालत में बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर उनकी विस्तृत सूची तैयार कर ली है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कांस्टेबल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
ड्रग सप्लायर को पकड़ने के दौरान हुई झड़प और कांस्टेबल के लापता होने के बीच क्या संबंध था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस अधिकारियों से



