BiharCrimeIndiaTrending

नदी​​​ से युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, कपड़ों के पास मिली रस्सी ने बढ़ाया शक, भाई ने बताई चौंकाने वाली बात

नदी​​​ से युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, कपड़ों के पास मिली रस्सी ने बढ़ाया शक, भाई ने बताई चौंकाने वाली बात

कैमूर, बिहार: जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह सुवरन नदी में 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खीरी गांव निवासी मदन शर्मा के बेटे राहुल शर्मा के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान और घटनास्थल के पास मिली रस्सी ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। मृतक के छोटे भाई ने हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जताई है।

गुरुवार को घर से निकला था राहुल, फिर नहीं लौटा

परिजनों के मुताबिक, राहुल गुरुवार की सुबह करीब सात बजे शौच करने की बात कहकर घर से निकला था। सुबह 10 बजे तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों ने खीरी गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस भी युवक की तलाश कर रही थी। इसी बीच शनिवार की सुबह राजर्षि शारीरिक डिग्री कॉलेज के पीछे सुवरन नदी में उसका शव तैरता हुआ मिला। घटनास्थल के पास ह्यूम पाइप के समीप उसके कपड़े भी बरामद हुए।

कपड़ों के पास मिली नारियल की रस्सी, भाई ने जताया हत्या का शक

राहुल के छोटे भाई कृष शर्मा ने उसकी मौत को सामान्य हादसा मानने से इनकार किया है। उसका आरोप है कि बड़े भाई की हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंका गया है। भाई के मुताबिक, जहां राहुल के कपड़े मिले, वहां नारियल की एक बड़ी रस्सी भी पड़ी थी। उसे आशंका है कि इसी रस्सी से गला दबाकर हत्या की गई होगी।

वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में नदी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई गई है। शव की आंखों के ऊपर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि ये निशान नदी के जलीय जीवों के कारण भी हो सकते हैं। करीब 48 घंटे बाद शव मिलने के कारण उसके सड़ने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी।

पुणे में करता था नौकरी, परिवार की बड़ी जिम्मेदारी थी राहुल पर

परिजनों ने बताया कि राहुल महाराष्ट्र के पुणे में नौकरी करता था और करीब तीन महीने पहले घर आया था। चार भाई-बहनों में वह सबसे बड़ा था। परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई है। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन की शादी की जिम्मेदारी राहुल और उसके पिता पर थी।

राहुल के पिता मदन शर्मा पिछले करीब 20 वर्षों से खीरी गांव में किराये के मकान में रह रहे हैं। वह खीरी बाजार स्थित मोबाइल टावर में वॉचमैन का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पिता ने जताई डूबने की आशंका, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनके अनुसार, राहुल कभी-कभार शराब का सेवन करता था, लेकिन उसका किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। पिता ने भी नदी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई है।

हालांकि, छोटे भाई का कहना है कि राहुल को तैरना आता था। ऐसे में उसका नदी में डूबना उसे संदिग्ध लग रहा है। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के अनुसार, शुरुआती जांच में डूबने से मौत होने की आशंका है। शराब के नशे में पानी में चले जाने से हादसा होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

पुलिस ने मामले में डूबने और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध समाचार रिपोर्ट, पुलिस के शुरुआती बयान और परिजनों के आरोपों के आधार पर तैयार की गई है। फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply