
रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक किराए के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे के अंदर महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि उसके बेटे की लाश बिस्तर पर मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
तीन दिनों से बंद था कमरे का दरवाजा
जानकारी के मुताबिक, मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर का है। यहां दिलीप मंडल के मकान में जयजी देशमुख (52) अपने बेटे हंसमुख देशमुख के साथ पिछले करीब चार साल से किराए पर रह रही थीं।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन से चार दिनों से उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों ने जब कमरे से कोई हलचल नहीं देखी और तेज दुर्गंध महसूस की तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गुढ़ियारी पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए। वहां महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
लंबे समय से बीमार था बेटा
मकान मालिक से पूछताछ में सामने आया कि महिला का बेटा लंबे समय से बीमार चल रहा था और उसका इलाज भी जारी था। शुरुआती तौर पर मां-बेटे की आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और शुरुआती पुलिस जानकारी पर आधारित है। मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।


