Satya Report: दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बुधवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार से पांच दिनों में उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्सों में लू चलने का पूर्वानुमान जताया है.

IMD के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 24 और 25 अप्रैल को लू की स्थिति देखने को मिल सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश (23-26 अप्रैल), राजस्थान (24-26 अप्रैल), मध्य प्रदेश (23-26 अप्रैल), विदर्भ और छत्तीसगढ़ (24-27 अप्रैल) तथा गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड (22-23 अप्रैल) के कुछ हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है. .
लू की चेतावनी तब की जाती है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 या 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो, या वास्तविक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर जाए. दिल्ली में बुधवार को चिलचिलाती गर्मी रही और यहां रिज पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. IMD के आंकड़ों के अनुसार, आयानगर में तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा; वहीं शहर के मुख्य केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी में हालात और अधिक गंभीर होने वाले हैं, क्योंकि 24 अप्रैल से लू चलने का अनुमान है. विभिन्न स्टेशन पर अधिकतम तापमान में 24 घंटे के भीतर आया बदलाव 1.6 डिग्री से 1.9 डिग्री के बीच रहा.
दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर या उसके आस-पास रहा; पालम में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और उसके बाद आयानगर में सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को पूरे राजस्थान में पारा चढ़ गया और कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया. राज्य में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पिलानी, चित्तौड़गढ़, चूरू और कोटा सहित कई स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. राज्य की राजधानी जयपुर में भी दिन काफी गर्म रहा और पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.
चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा और नारनौल 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा. सिरसा में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिसके बाद हिसार में 41.2 डिग्री, रोहतक में 42.2 डिग्री, करनाल में 40.6 डिग्री और अंबाला में 40.3 डिग्री रहा. वहीं गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पड़ोसी राज्य पंजाब में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा; बठिंडा में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिसके बाद पटियाला में 40.4 डिग्री, लुधियाना में 40 डिग्री और अमृतसर में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
हिमाचल प्रदेश में शिमला स्थित मौसम विभाग ने 25 से 28 अप्रैल तक कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और आकाशीय बिजली चमकने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जबकि इस क्षेत्र में मौसम शुष्क बना हुआ है. इसमें कहा गया है कि हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जहां आने वाले दिनों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में बुधवार को 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जबकि ऊना 38.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा.
पश्चिम बंगाल में मौसम विभाग ने कुछ दक्षिणी जिलों में 25 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि इस सप्ताह के दौरान उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है. इसमें बताया गया है कि पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री से अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में दक्षिण बंगाल के पश्चिमी हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी और तटीय इलाकों में यह दो से तीन डिग्री अधिक रह सकता है. आईएमडी ने यह भी कहा कि 28 अप्रैल तक उप-हिमालयी जिलों जैसे दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और तेज़ हवाओं के साथ आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को ओडिशा का औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा देश का सबसे गर्म स्थान बन गया और यहां पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.इसमें बताया गया कि राज्य के पच्चीस अन्य स्थानों पर भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया.
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी शाम के बुलेटिन के अनुसार, राज्य के चार स्थानों पर दिन के दौरान तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. ये स्थान तालचेर (43.5 डिग्री सेल्सियस), संबलपुर (43.3), हीराकुड (43.2) और अंगुल (43.1) हैं. अधिकारियों ने बताया कि राजधानी भुवनेश्वर में इस गर्मी के मौसम में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
तेलंगाना मौसम विभाग के अनुसार, हैदराबाद में गुरुवार को दिनभर गर्मी और सूखा रहने की उम्मीद है, जबकि दिन के अंत में कहीं-कहीं पर आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश के भी आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. गुरुवार सुबह IMD ने अपने मौसम पूर्वानुमान में बताया कि “आसमान में आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है. शाम या रात के समय शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 डिग्री सेल्सियस और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.”
तेलंगाना के कुछ जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से लेकर 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. इसके बाद इन जिलों में भी आंधी-तूफान, बिजली और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने सभी जिलों में गुरुवार को अत्यधिक दिन के तापमान और इसके बाद के मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान लगाया है.



