
भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल हो जाता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच हर कोई शरीर को ठंडा रखने के तरीके खोज रहा है। ऐसे में सिर्फ एसी और कूलर ही नहीं, बल्कि खानपान में भी ऐसी चीजें शामिल करना जरूरी है जो शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाएं। आमतौर पर लोग तरबूज, खरबूजा और खीरा खाते हैं, लेकिन कुछ देसी ड्रिंक भी हैं जो सदियों से गर्मी में राहत देने का काम करते आ रहे हैं। अगर आप भी नौतपा में खुद को हाइड्रेटेड और तरोताजा रखना चाहती हैं, तो ये देसी ड्रिंक्स आपकी डाइट का हिस्सा बन सकते हैं।
सत्तू का शरबत
गर्मियों में सत्तू को शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी भी बनाए रखता है। इसे बनाने के लिए एक गिलास ठंडे पानी में 2 चम्मच सत्तू मिलाएं। फिर इसमें काला नमक, भुना जीरा पाउडर और थोड़ा नींबू रस डालकर अच्छी तरह घोल लें। स्वाद बढ़ाने के लिए चाहें तो थोड़ी चीनी भी मिला सकती हैं।
बेल का शरबत
बेल का शरबत गर्मियों में पेट को ठंडक पहुंचाने के लिए काफी लोकप्रिय है। यह शरीर को ठंडा रखने के साथ पाचन में भी मदद करता है। इसके लिए पके हुए बेल का गूदा निकालकर पानी में अच्छी तरह मिलाएं और छान लें। फिर इसमें गुड़ या मिश्री डालकर ठंडा-ठंडा पीएं।
सौंफ का शरबत
सौंफ की तासीर ठंडी होती है, इसलिए इसका शरबत गर्मियों में काफी राहत देता है। इसे बनाने के लिए सौंफ को हल्का भूनकर पीस लें। अब एक गिलास पानी में एक चम्मच सौंफ पाउडर, काला नमक और भुना जीरा डालकर अच्छे से मिलाएं। चाहें तो इसमें बर्फ डालकर भी पी सकती हैं।
छाछ
गर्मी में छाछ पीना भी शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह शरीर को ठंडा रखने के साथ डाइजेशन को भी बेहतर बनाती है। घर पर छाछ बनाने के लिए दही में पानी मिलाकर पतला करें और फिर उसमें काला नमक व भुना जीरा डाल दें। ठंडी छाछ गर्मी में तुरंत राहत देती है।
अगर आप भी नौतपा की तेज गर्मी से बचना चाहती हैं, तो इन देसी ड्रिंक्स को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। ये शरीर को अंदर से ठंडा रखने के साथ आपको दिनभर तरोताजा महसूस कराने में मदद करेंगे।



