
लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह शरीर में पोषक तत्वों को प्रोसेस करने, मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित रखने और हानिकारक पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाता है। इतना ही नहीं, लिवर शरीर के 500 से ज्यादा जरूरी कामों में योगदान देता है। इसकी खास बात यह है कि इसमें खुद को रिपेयर करने की प्राकृतिक क्षमता भी होती है। हालांकि, लगातार खराब खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल इस क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं।
आजकल फैटी लिवर की समस्या तेजी से चिंता का विषय बन रही है। मोटापा, शारीरिक गतिविधियों की कमी, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल, शराब का सेवन और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन लिवर में फैट जमा होने का खतरा बढ़ा सकते हैं।
मारेंगो एशिया हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अमित मित्तल के मुताबिक, रोजमर्रा की कुछ गलत आदतें लिवर की सेहत पर बुरा असर डाल सकती हैं। ऐसे में खानपान और दिनचर्या में बदलाव करके लिवर को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं ऐसी 10 आदतों के बारे में, जिन्हें अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाना फायदेमंद हो सकता है।
1. रोजाना पर्याप्त पानी पिएं
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने से शरीर के सामान्य कार्य बेहतर तरीके से चलते हैं और किडनी को अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालने में मदद मिलती है। अपनी जरूरत और शारीरिक गतिविधियों के अनुसार दिनभर पर्याप्त पानी पिएं। सुबह उठकर पानी पीना भी अच्छी आदत हो सकती है।
2. संतुलित और पौष्टिक भोजन करें
लिवर की सेहत का सीधा संबंध आपके खानपान से होता है। अपनी डाइट में हरी सब्जियां, दालें, दलिया, ओट्स और फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें। पालक, मेथी और दूसरी हरी सब्जियां शरीर को जरूरी पोषक तत्व देती हैं।
इसके अलावा दाल, अंडे और पनीर जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को भी डाइट में जगह दें। तला-भुना और ज्यादा तेल वाला भोजन सीमित रखें। घर का बना ताजा खाना खाने की आदत डालें।
3. रोजाना ताजे फल खाएं
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए डाइट में साबुत फलों को शामिल करना फायदेमंद है। सेब, पपीता और अनार जैसे फल शरीर को फाइबर, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व देते हैं।
फलों का जूस पीने के बजाय साबुत फल खाना बेहतर विकल्प है, क्योंकि इससे फाइबर भी मिलता है। हालांकि, डायबिटीज या दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को फलों की मात्रा अपनी जरूरत के अनुसार तय करनी चाहिए।
4. मीठी चीजों का सेवन कम करें
ज्यादा चीनी का सेवन लिवर में फैट जमा होने का खतरा बढ़ा सकता है। खासतौर पर मीठे पेय पदार्थ, कोल्ड ड्रिंक, पैक्ड जूस और ज्यादा चीनी वाले खाद्य पदार्थों से दूरी रखना बेहतर है।
इसके अलावा मैदा, बेकरी उत्पाद और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड का सेवन भी सीमित करें। रोजाना बाहर का खाना खाने के बजाय घर के ताजे भोजन को प्राथमिकता दें।
5. शराब और धूम्रपान से दूरी बनाएं
शराब का सेवन लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। लंबे समय तक शराब पीने से फैटी लिवर, लिवर में सूजन और सिरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए लिवर की सेहत के लिए शराब से पूरी तरह दूरी रखना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
धूम्रपान भी शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन बढ़ा सकता है। इससे बचना संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
6. अपने वजन को नियंत्रित रखें
अधिक वजन और खासकर पेट के आसपास जमा चर्बी फैटी लिवर का खतरा बढ़ा सकती है। अगर आपका वजन ज्यादा है, तो धीरे-धीरे स्वस्थ तरीके से वजन कम करने की कोशिश करें।
इसके लिए मीठी चीजों और तले हुए भोजन का सेवन कम करें। संतुलित डाइट अपनाएं और नियमित शारीरिक गतिविधियां करें। तेजी से वजन घटाने के बजाय धीरे-धीरे वजन कम करना बेहतर है।
7. शरीर को एक्टिव रखें
लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से शरीर की मेटाबॉलिक सेहत प्रभावित हो सकती है। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम करना जरूरी है।
रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने की आदत डालें। इसके अलावा योग, साइकिलिंग और दूसरी शारीरिक गतिविधियां भी कर सकते हैं। नियमित व्यायाम वजन और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करता है।
8. पर्याप्त और अच्छी नींद लें
नींद का असर सिर्फ दिमाग और शरीर पर ही नहीं, बल्कि मेटाबॉलिक हेल्थ पर भी पड़ता है। इसलिए रोजाना पर्याप्त नींद लेना जरूरी है। सोने और जागने का समय नियमित रखें।
रात में सोने से पहले भारी भोजन करने से बचें। मोबाइल और दूसरी स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें और सोने के लिए शांत वातावरण तैयार करें। वयस्कों के लिए आमतौर पर 7 से 9 घंटे की नींद की सलाह दी जाती है।
9. बिना जरूरत पेनकिलर और दूसरी दवाएं न लें
कई लोग सिरदर्द, बदन दर्द या हल्की परेशानी होने पर भी अपनी मर्जी से दवाएं लेने लगते हैं। कुछ दवाओं का गलत मात्रा में या लंबे समय तक इस्तेमाल लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है।
खासतौर पर पैरासिटामोल जैसी दवाओं की अधिक मात्रा लिवर के लिए खतरनाक हो सकती है। इसलिए डॉक्टर की सलाह और निर्धारित खुराक के अनुसार ही दवाओं का सेवन करें। बिना सलाह के हर्बल सप्लीमेंट और डिटॉक्स उत्पादों का इस्तेमाल भी न करें।
10. नियमित हेल्थ चेकअप कराएं
लिवर की कई बीमारियां शुरुआती चरण में स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाती हैं। ऐसे में जरूरत के अनुसार नियमित स्वास्थ्य जांच कराना महत्वपूर्ण है। अगर आपको मोटापा, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल या फैटी लिवर की समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह से लिवर फंक्शन टेस्ट और अन्य जरूरी जांच कराएं।
समय पर जांच होने से लिवर से जुड़ी समस्याओं का पता लगाने और उचित इलाज शुरू करने में मदद मिल सकती है।
क्या लिवर की सफाई के लिए डिटॉक्स जरूरी है?
अक्सर लोग लिवर को साफ करने के लिए डिटॉक्स ड्रिंक्स, विशेष जूस और घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। हालांकि, लिवर खुद शरीर से हानिकारक पदार्थों को प्रोसेस करने का काम करता है। इसे साफ करने के लिए किसी खास डिटॉक्स ड्रिंक की जरूरत साबित नहीं हुई है।
लिवर को स्वस्थ रखने का बेहतर तरीका संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, स्वस्थ वजन और शराब से दूरी बनाना है। अगर फैटी लिवर या लिवर की कोई बीमारी है, तो घरेलू नुस्खों के बजाय डॉक्टर से उचित उपचार लें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी और विशेषज्ञ द्वारा साझा की गई सलाह पर आधारित है। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित खानपान और अच्छी जीवनशैली जरूरी है। किसी भी डिटॉक्स या घरेलू नुस्खे को लिवर की बीमारी का इलाज न समझें। फैटी लिवर या लिवर संबंधी समस्या होने पर डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
Satya Report



