
राजधानी में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है कि बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना बना लिया। घर में कोई मौजूद नहीं था और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 5.85 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया गया कि एएसआई अपने परिवार के साथ कुछ दिनों के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश किया। घटना का पता तब चला, जब घर के मालिक ने मोबाइल पर लगे सीसीटीवी कैमरे का लाइव फुटेज देखा। कैमरा सामान्य दिशा में न होकर आसमान की तरफ दिखाई दिया, जिससे उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत पड़ोसी को फोन कर घर जाकर स्थिति देखने के लिए कहा।
पड़ोसी जब मकान पर पहुंचा तो अंदर का दरवाजा खुला मिला और कई ताले टूटे हुए थे। इसके बाद परिवार को सूचना दी गई। घर लौटने पर जब सामान की जांच की गई तो आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 85 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि चोरों ने घर में घुसने के बाद सीसीटीवी कैमरे से भी छेड़छाड़ की थी, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी किया गया।
पुलिस अब आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिसकर्मी के घर में हुई इस चोरी के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को घर खाली होने की जानकारी कैसे मिली और क्या उन्होंने पहले से रेकी की थी।



