उत्तर प्रदेश में दुकानदारों को हिप्नोटाइज कर लूटने वाला एक गैंग सक्रिय है. इस गैंग के नेटवर्क प्रदेश के लगभग सभी बड़े शहरों में हैं. मेरठ पुलिस ने पिछले दिनों सराफा बाजार में हुई 32 ग्राम सोने की लूट के मामले में गैंग के पांच बदमाशों को अरेस्ट किया है. इनमें से चार बदमाशों पर पुलिस ने 2525 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस की पूछताछ में इन बदमाशों ने बड़ा खुलासा किया है.

मेरठ पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों की पहचान सरवर अली निवासी यमुना विहार दिल्ली, सज्जाद अली उर्फ सज्जू, मुजाहिद अली उर्फ इमरान और मोहम्मद सादिक निवासी कामटी, नागपुर महाराष्ट्र तथा सद्दाम मौला निवासी पश्चिम मेदिनीपुर के रूप में हुई है. इन बदमाशों ने दिवाली से पहले यहां देहली गेट थाना क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में इस वारदात को अंजाम दिया था.
ईरानी गैंग के नाम से कुख्यात
पुलिस के मुताबिक यह गैंग ईरानी गैंग के नाम से यूपी में कुख्यात है. इस गैंग में कई राज्यों के बदमाश शामिल हैं और कई शहरों में गैंग के बदमाश घूमकर वारदातों को अंजाम देते हैं. पुलिस के मुताबिक मेरठ में इन बदमाशों ने आभूषण की दुकान में काम करने वाले कोलकाता के कारीगर ऋषभ को हिप्नोटाइज किया था और उसके पास से 32 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए थे.
सीसीटीवी से हुई पहचान
एसपी सिटी ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में इन बदमाशों की करतूत दर्ज हुई थी. इसी सीसीटीवी फुटेज से इनकी पहचान करते हुए पुलिस ने इन्हें अरेस्ट किया गया है. पुलिस के मुताबिक इस गैंग के बदमाश दिल्ली एनसीआर में भी एक्टिव हैं और इसी तरह से दुकानदारों को हिप्नोटाइज कर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.



