बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 202527 के साइकल में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के स्टेडियम में खेला गया जिसमें मेजबान बांग्लादेश 104 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही और 10 की बढ़त हासिल कर रखी है। अब इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 16 मई से खेला जाएगा, जिसको लेकर बांग्लादेश ने अपने स्क्वाड में एक बदलाव किया है और दो साल के लंबे इंतजार के बाद जाकिर हसन की वापसी हुई है जिनको शादमन इस्लाम की जगह पर शामिल किया गया है।

चोट के चलते बाहर हुए शादमन इस्लाम
पाकिस्तान के खिलाफ ढाका में खेले गए इस टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में ओपनिंग बल्लेबाज शादमन इस्लाम बल्ले से कोई खास योगदान देने में कामयाब नहीं रहे थे, जिसमें वह दोनों पारियों में 13 और 10 रन ही बनाने में कामयाब हो सके थे। इस टेस्ट मैच के आखिरी दिन जब चौथी पारी में पाकिस्तान की टीम टारगेट का पीछा कर रही थी तो फील्डिंग में सलमान अली आगा का कैच पकड़ने के दौरान शादमन इस्लाम चोटिल हो गए थे, जिसमें गेंद उनके सीने पर लगी थी। इसके बाद उन्होंने विकेट का जश्न तो मनाया लेकिन फिर थोड़ी देर बाद ड्रेसिंग रूम के अंदर चले गए थे। इसके बाद वह मैच में फील्डिंग करने के लिए दुबारा मैदान पर नहीं आए।
शादमन इस्लाम को लेकर बांग्लादेश टीम के फीजियो ने जानकारी दी कि मीरपुर में पहले टेस्ट मैच के दौरान कैच लेते समय शादमन को सीने पर चोट लगी थी और उन्हें दर्द हो रहा था, जिसके बाद वह दूसरे टेस्ट में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हैं जिसके चलते जाकिर को शामिल किया गया है। जाकिर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला साल 2024 में खेला था। बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज जाकिर ने अब तक 13 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 23.72 के औसत से 593 रन बनाए हैं और उसमें वह एक शतकीय पारी के साथ चार अर्धशतकीय पारियां खेलने में कामयाब रहे हैं।
WTC 202527 में इस नंबर पर मौजूद दोनों टीमें
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 202527 में दोनों टीमों की स्थिति को लेकर बात की जाए तो उसमें पाकिस्तानी टीम 33.33 अंक प्रतिशत के साथ जहां 7वें नंबर पर है तो वहीं बांग्लादेश की टीम 44.44 अंक प्रतिशत के साथ छठे नंबर पर मौजूद है। ऐसे में यदि बांग्लादेश की टीम दूसरा टेस्ट मैच भी जीतने में कामयाब होती है तो वह रैंकिंग में लंबी छलांग लगाएगी, तो वहीं पाकिस्तान की स्थिति और भी खराब होना तय है।



