Satya Report: Lucknow News: उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी 27 अप्रैल तक भयानक लू चलने की संभावना है. शुक्रवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में सबसे अधिक रहा.

शुक्रवार को यूपी के कई जिलों में लू का असर साफ तौर पर देखने को मिला. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर और अलीगढ़, जबकि पूर्वांचल के हरदोई, वाराणसी और प्रयागराज में गर्म हवाओं और तेज तापमान के कारण लू की स्थिति बनी रही.
मौसम वैज्ञानिकों ने क्या बताया?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दोपहर के समय चलने वाली तेज हवाएं अब धीमी पड़ रही हैं, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसके अलावा, निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म हवाएं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात का असर भी तापमान बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है.
आने वाले 23 दिनों में तापमान में हल्की और बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रातें भी महसूस की जा सकती हैं, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी.
26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा
हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की भी उम्मीद जताई है. 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहींकहीं हल्की बारिश शुरू हो सकती है. यह सिस्टम धीरेधीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
अभी 2 दिन और चलेगी लू
राजधानी लखनऊ में भी 25 और 26 अप्रैल के दौरान लू चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है. फिलहाल प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, लेकिन 27 अप्रैल के बाद मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.



