नई दिल्ली बेंगलुरु से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है। शहर में स्थित एक निजी डेकेयर सेंटर, जो एक आईटी कंपनी के कैंपस में संचालित होता है, वहां छोटे बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत डेकेयर सेंटर के अंदर रिकॉर्ड किए गए वीडियो के आधार पर दर्ज की गई है। वायरल फुटेज में कुछ बच्चे रोते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि केयरगिवर्स पर उनके साथ मारपीट करने, डरानेधमकाने और अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ बच्चों को कथित तौर पर वॉशिंग मशीन के अंदर बैठाया गया, जबरन टॉयलेट पर बिठाया गया, बाथरूम में बंद किया गया और उन्हें चुप रहने के लिए डराया गया। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। मामला उस समय सामने आया जब कथित दुर्व्यवहार का वीडियो व्हाट्सएप पर वायरल हुआ। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और पूछताछ के लिए संबंधित कर्मचारियों को बुलाया जाएगा।
यह डेकेयर सेंटर उन कर्मचारियों के बच्चों की देखभाल के लिए संचालित किया जाता है, जो आईटी कंपनी के कैंपस में कार्यरत हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।



