जालंधर : जालंधरअमृतसर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सुभानपुर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। एएसआई हरजिंदर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लिया और एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला की मॉर्चरी में भिजवा दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान मृतकों के पास से एक पहचान पत्र बरामद हुआ है। पहचान पत्र पर अमृतसर का पता दर्ज है। वहीं, हादसे का शिकार हुई मोटरसाइकिल का नंबर भी अमृतसर का पाया गया है। इसके आधार पर पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे के आसपास स्थित मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
एएसआई हरजिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल तीनों मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। बरामद पहचान पत्र पर अमृतसर का पता होने के कारण आशंका है कि मृतक अमृतसर या आसपास के क्षेत्र के रहने वाले हो सकते हैं। मामले की जानकारी अमृतसर पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन चालक की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।



