Hathras News: उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के कुमरपुर गांव निवासी गोपाल चौधरी की फरीदाबाद में हुई हत्या के मामले में एक नया खुलासा हुआ है. गोपाल का मौत से पहले का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है और ग्रामीणों से मदद की गुहार लगा रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की और उसमें किए गए दावों की जांच की जा रही है.

दरअसल, वायरल वीडियो को लेकर बताया जा रहा है कि यह अलीगढ़ जिले के जेवर क्षेत्र का है. वीडियो में गोपाल घायल है और जमीन पर पड़ा दिखाई देता है. वह ग्रामीणों को अपनी आपबीती बताते हुए कह रहा है कि उसे खाटू श्याम ले जाने के बहाने स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर लाया गया था. गोपाल के अनुसार, रास्ते में उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया.
वीडियो में गोपाल ग्रामीणों से मदद करने की गुहार लगा रहा है. इसी दौरान वह अपनी पत्नी का फोन नंबर भी लोगों को बता रहा है, ताकि किसी तरह उसके परिवार तक सूचना पहुंच सके. वीडियो में उसकी हालत देखकर घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है.
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले से जुड़ा एक और वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की सूचना मिलने के बाद गोपाल की बेटी उसे लेने पहुंचती दिखाई देती है. इन वीडियो के वायरल होने के बाद हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस जांच में इन वीडियो को शामिल कर रही है.
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
मामले में पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र को फरीदाबाद पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हालांकि, आरोपों से जुड़े सभी दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी.



