अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प टैरिफ को अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक जीत के रूप में पेश कर रहे हैं. वे अपनी व्यापार नीति का बचाव करने के लिए जॉर्जिया में ऑडी का पहला अमेरिकी प्लांट लगाने की वोक्सवैगन एजी की योजना का इस्तेमाल कर रहे हैं. यह सब मध्यावधि चुनावों से दो सप्ताह से भी कम समय पहले हो रहा है, जिनमें रिपब्लिकन पार्टी को कांग्रेस पर अपना नियंत्रण बनाए रखने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.

ऑडी के अनुसार, जर्मन वाहन निर्माता कंपनी इस प्लांट में लगभग 4.2 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है. इससे करीब 4,500 नौकरियां पैदा होंगी और यहां सालाना 200,000 वाहनों तक का उत्पादन हो सकेगा. इसका निर्माण कार्य अगले साल शुरू होने वाला है, और 2030 के दशक की शुरुआत में यहां उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
2 लाख कारों का प्रोडक्शन होगा
ट्रंप ने जॉर्जिया के पेरी में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि फॉक्सवैगन ग्रुप के स्वामित्व वाली ऑडी मैकॉन के निकट यह कारखाना लगाएगी. प्रस्तावित प्लांट में सालाना दो लाख कार का उत्पादन किया जाएगा. ट्रंप ने कहा कि जरा सोचिए, सालाना दो लाख कार. यह अविश्वसनीय है. उन्होंने इस निवेश का श्रेय अपनी शुल्क नीति को दिया. हालांकि, उनकी आक्रामक शुल्क नीति को लेकर अमेरिका में आलोचना भी होती रही है.
4500 लोगों को मिलेगी जॉब
इस अवसर पर ऑडी के प्रबंधन बोर्ड के चेयरमैन गर्नोट डॉलनर भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि नए प्लांट में कंपनी की सबसे बड़ी और सबसे महंगी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल का उत्पादन होगा. डॉलनर ने कहा कि यह दीर्घकालिक निवेश है, क्योंकि हमें अमेरिकी बाजार पर भरोसा है. ऑडी ने एक बयान में कहा कि जॉर्जिया में लगने वाला यह उसका पहला कारखाना होगा. कंपनी के अनुसार, इसमें निर्माण कार्य 2027 में शुरू होने करने की योजना है, जबकि उत्पादन 2030 के शुरुआती वर्षों में शुरू होने की उम्मीद है. इस परियोजना से लगभग 4,500 रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
ट्रंप के लिए क्यों जरूरी है जॉर्जिया में जीत
जॉर्जिया में राजनीतिक दांव केवल सीनेट की लड़ाई तक ही सीमित नहीं हैं. राज्य में डेमोक्रेट कीशा लांस बॉटम्स और रिपब्लिकन रिक जैक्सन के बीच गवर्नर पद के लिए भी कड़ा मुकाबला है, जिसे ‘कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट’ ने एक अनिश्चित मुकाबला बताया है. पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के बुधवार को जॉर्जिया में ओसॉफ और बॉटम्स के साथ प्रचार करने की उम्मीद है.
ट्रंप ने 2016 और 2024 में जॉर्जिया जीता था, लेकिन 2020 में वे जो बाइडेन से हार गए. इसके बाद उन्होंने इस नतीजे को चुनौती देने की कोशिश की—जिसमें जॉर्जिया के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट ब्रैड रैफेन्सपर्गर पर वोट “ढूंढने” का दबाव डालना भी शामिल था—जिसके चलते उन पर चुनाव में दखल देने के आरोप लगे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया.



