बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी जिले से रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में एक छोटे भाई ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
किराए के मकान में रहते थे दोनों भाई
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 40 वर्षीय आदिवाप्पा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका 36 वर्षीय छोटा भाई राजू है। दोनों मूल रूप से बेलगावी जिले के बैलहोंगल इलाके के रहने वाले थे और काम की वजह से मंगलुरु के कोट्टारा क्रॉस के पास किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहते थे।
दोनों भाई दिहाड़ी मजदूरी करते थे। उनकी मां सड़क किनारे एक छोटी दुकान चलाती थीं।
रात में मोबाइल फोन को लेकर हुआ झगड़ा
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच दोनों भाइयों के बीच मोबाइल फोन को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी।
बताया गया है कि दोनों भाई शराब के आदी थे। इसी दौरान राजू ने कथित तौर पर चाकू से आदिवाप्पा पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के समय उनकी मां दुकान पर थीं। रात में जब वह दुकान बंद करके घर लौटीं तो उन्होंने बेटे को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
परिजन आनन-फानन में घायल आदिवाप्पा को वेनलॉक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही उरवा पुलिस स्टेशन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटना के कारणों की पड़ताल की।
आरोपी भाई गिरफ्तार
पुलिस ने राजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब विवाद की पूरी वजह, हमले में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



