IndiaUttar Pradesh

सहारनपुर में एक रात में दो हाफ एनकाउंटर… पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर अहसान और नशा तस्कर रहमान

यूपी के सहारनपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कल देर रात मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने एक ही रात में दो अलगअलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर गौकश और एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

सहारनपुर में एक रात में दो हाफ एनकाउंटर… पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर अहसान और नशा तस्कर रहमान

पहली मुठभेड़ थाना देवबंद क्षेत्र में दीवालहेड़ी पुलिया के पास हुई. पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे. पुलिस ने पीछा किया तो उनकी बाइक फिसल गई. इसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागने लगे. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी फरार हो गया.

पकड़ा गया देवबंद का हिस्ट्रीशीटर

घायल बदमाश की पहचान अहसान पुत्र असगर निवासी भंहेड़ा खास, थाना देवबंद के रूप में हुई. उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई. पुलिस के मुताबिक अहसान थाना देवबंद का हिस्ट्रीशीटर है. उस पर कई मामले दर्ज हैं. वह गोकशी के मामले में फरार चल रहा था. अहसान के खिलाफ गोकशी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गिरोहबंद अधिनियम समेत करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं.

थाना बिहारीगढ़ में हुई दूसरी मुठभेड़

दूसरी मुठभेड़ थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में द्रोणाचार्य इंस्टीट्यूट खुशहालीपुर के पास हुई. पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया.

शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

घायल आरोपी की पहचान रहमान पुत्र इल्ताफ निवासी किशनगढ़ कॉलोनी, बिहारीगढ़ के रूप में हुई. उसके पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार रहमान एक शातिर नशा तस्कर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं.

दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply