Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई. यूपीएसआईडीए कंपनी कट के सामने चौराहे पर सड़क पार कर रहीं दोनों महिलाओं को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. दोनों ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं. हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हुई महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि ट्रक नंबर RJ 29 GB 2445 ने सड़क पार कर रहीं दो महिलाओं को टक्कर मार दी है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं.
बदायूं की रहने वाली थीं दोनों महिलाएं
हादसे के बाद ड्राइवर वाहन लेकर मौके से भाग निकला. घटना की जानकारी मिलते ही कसना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान मनीषा पत्नी रमेश निवासी गांव दहगवा, थाना जरीफनगर, जिला बदायूं और विमलेश पत्नी संजू निवासी गांव हमीमतपुर, थाना शरीफनगर, जिला बदायूं के रूप में हुई है.
दोनों महिलाओं के परिवार में छाया मातम
दोनों महिलाओं की मौत की खबर से उनके परिवार में मातम छा गया है. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्जकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है. हादसे के बाद फरार हुए ट्रक ड्राइवर और ट्रक के संबंध में पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है.
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने क्या बताया?
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर व्यस्त चौराहों पर पैदल सड़क पार करने वालों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. ट्रक की टक्कर से दो महिलाओं की जान चली गई. ऐसे में सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही, चौराहों पर यातयात व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान देना जरूरी है.



