CrimeIndia

​250 करोड़ का GST घोटाला, ED की रेड और जेल… फरीदाबाद के परमजीत हत्याकांड के आरोपी मोनू शर्मा की क्राइम कुंडली

Faridabad Crime News: फरीदाबाद के परमजीत धनखड़ की हत्या के मामले में आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी मोहन शर्मा उर्फ मोनू की पूरी आपराधिक कुंडली सामने आ गई है. वारदात का लाइव CCTV सामने आने के बाद पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि स्क्रैप कारोबारी मोनू शर्मा का विवादों और अपराध से पुराना नाता रहा है. वो 250 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले में तिहाड़ जेल की हवा खा चुका है, कुछ महीने पहले उसके घर प्रवर्तन निदेशालय की रेड भी पड़ी थी. दिल्ली से लेकर फरीदाबाद तक पड़ोसियों से मारपीट व झगड़े करना उसकी आदत रहा है.

​250 करोड़ का GST घोटाला, ED की रेड और जेल… फरीदाबाद के परमजीत हत्याकांड के आरोपी मोनू शर्मा की क्राइम कुंडली

पुलिस जांच के अनुसार, स्क्रैप का कारोबार करने वाला मोनू शर्मा करीब दो साल पहले GST चोरी के एक बड़े मामले में गिरफ्तार हुआ था. इस केस में वह करीब ढाई महीने तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रहा था. इसी साल प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मोनू शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की थी. जानकारी के मुताबिक, यह रेड 250 करोड़ रुपये के बड़े जीएसटी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में की गई थी.

दिल्ली में पड़ोसी से झगड़े में दर्ज हुए थे 2 मुकदमे

मोनू शर्मा मूल रूप से फरीदाबाद का रहने वाला है, लेकिन बीच में कुछ समय के लिए वह दिल्ली शिफ्ट हो गया था. वहां भी उसका अपने पड़ोसी के साथ जमकर झगड़ा हुआ था. इस विवाद में पड़ोसी ने उसके खिलाफ काटजू मार्ग थाने में दो मुकदमे दर्ज कराए थे, जिसके जवाब में मोनू ने भी पड़ोसी पर दो क्रॉसकेस दर्ज करा दिए. हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने पर मुकदमे खारिज हो गए थे.

इससे पहले फरीदाबाद के 23 नंबर चौक और डबुआ इलाके में भी मोनू शर्मा का दो बार स्थानीय लोगों से बड़ा झगड़ा हुआ था, लेकिन रसूख और दबाव के चलते दोनों ही मामलों में बाद में समझौता हो गया था.

हत्या के बाद पत्नीबच्चों को छोड़ा पंजाब

पुलिस रिमांड के दौरान मोनू शर्मा ने कबूल किया है कि उसके पास दो लाइसेंसी हथियार हैं, जिनमें से एक लाइसेंसी पिस्टल से उसने धनतेरस के दिन परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं. इस फायरिंग के दौरान मृतक परमजीत के बेटे ने भागकर अपनी जान बचाई थी. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद लैम्बोर्गिनी, मर्सिडीज जीएलएस, बीएमडब्ल्यू और XUV700 जैसी लग्जरी गाड़ियों का मालिक मोनू शर्मा अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर पंजाब के समाना स्थित अपने ससुराल छोड़ने चला गया था.

13 नवंबर को पूरी होगी 5 दिन की पुलिस रिमांड

फिलहाल आरोपी मोनू शर्मा फरीदाबाद पुलिस की 5 दिन की रिमांड पर है, जिसकी अवधि 13 नवंबर को पूरी होगी. पुलिस हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जुटाने में लगी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply