Shafali Verma : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने धमाकेदार अंदाज में अपने अभियान की शुरुआत की है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

पहले भारतीय गेंदबाजों ने जापान को महज 57 रन पर समेटा और फिर शैफाली वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी ने मुकाबला सिर्फ 5 ओवर में खत्म कर दिया। भारत ने 58 रन का लक्ष्य 5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
श्री चरणी की फिरकी में फंसकर 57 रन पर सिमटा जापान
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्री चरणी ने इस फैसले को सही साबित करते हुए जापान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने 4 ओवर में महज 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। यह टी20 क्रिकेट में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।
शैफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल किया और 2 विकेट झटके। दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को एकएक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के सामने जापान की टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जापान की ओर से अयाका काटोस्टैफोर्ड ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए।
15 गेंदों में शैफाली ने मचा दिया तहलका
58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत को शुरुआत में दो झटके लगे। कमालिनी गुनालन और भारती फुलमाली जल्दी आउट हो गईं। इसके बावजूद शैफाली वर्मा ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और जापान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
शैफाली ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 40 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। ऋचा घोष ने भी 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए। भारत ने 5 ओवर में 58 रन बनाकर 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगी टक्कर
जापान पर बड़ी जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब 20 सितंबर को भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। यानी भारत के पास फाइनल में पहुंचकर अपने खिताब के बचाव की दिशा में एक और कदम बढ़ाने का मौका होगा।
टीम इंडिया ने क्वार्टर फाइनल में जिस तरह गेंद और बल्ले दोनों से प्रदर्शन किया, उससे मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। श्री चरणी की शानदार गेंदबाजी और शैफाली की तूफानी बल्लेबाजी भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी। अब फैंस की नजरें बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल पर रहेंगी।



