उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है. इकौना थाना क्षेत्र में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ पड़ोस के ही एक किशोर ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं. वारदात के बाद लहूलुहान और बदहवास हालत में घर पहुंची. मासूम कई घंटों तक दर्द से तड़पते हुए बेहोश रही. बच्ची की गंभीर स्थिति देख परिजनों के होश उड़ गए. आननफानन में मां अपनी जिगर के टुकड़े को लेकर थाने पहुंची, जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है. मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया है.

मामला श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र का है. इस दरिंदगी ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है. छह साल की मासूम जब खून से लथपथ होकर घर की चौखट पर पहुंची, तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई. बच्ची घंटों दर्द से कराहती रही और बेसुध हो गई. बदहवास मां तुरंत अपनी बेटी को लेकर सीधे थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इकौना पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई शुरू की. मासूम की नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल डॉक्टरों की निगरानी में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मां ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
”मेरी 6 साल की बच्ची खून से लथपथ होकर घर आई बाबूजी… दर्द से तड़प रही थी, कुछ बोल भी नहीं पा रही थी और बेहोश हो गई. जब हमने हालत देखी तो हमारे तो होश ही उड़ गए. हम तुरंत उसे उठाकर थाने भागे. हमारी बच्ची के साथ बहुत बड़ा जुल्म हुआ है, जिसने भी यह किया है उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, हमें इंसाफ चाहिए…”
आरोपी किशोर हिरासत में
मासूम के साथ हुई इस घिनौनी वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. हालांकि, पुलिस ने मामले में कड़ा रुख अख्तियार करते हुए आरोपी किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ की और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड/न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
रिपोर्ट अम्मार रिजवी, श्रावस्ती



