
अमृत विचार : भारतीय सेना में शामिल होकर देश की रक्षा करने का जुनून पाले नौजवानों के लिए अच्छी खबर है। बरेली छावनी स्थित जाट रेजिमेंट सेंटर में अग्निवीर भर्ती होने जा रही है। तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आगामी 14 से 30 सितंबर तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें 12 जिलों के वे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने जून में हुई ऑनलाइन साझा प्रवेश परीक्षा पास की है।
रैली में अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन के अभ्यर्थी शामिल होंगे। अग्निवीर लिपिक और स्टोर कीपर तकनीकी की भर्ती रैली 5 अक्तूबर को रुड़की स्थित बीईजी सेंटर में होगी।
जाट रेजीमेंट सेंटर पर होने वाली भर्ती रैली में बरेली के अलावा बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, संभल, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के युवा शामिल होंगे।
14 सितंबर को अग्निवीर तकनीकी के लिए बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल के अभ्यर्थी पहुंचेंगे। 15 सितंबर को तकनीकी भर्ती के लिए सीतापुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी के साथ सभी जिलों के ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
इसके बाद 16 से 25 सितंबर तक अग्निवीर सामान्य ड्यूटी के लिए अलगअलग जिलों और तहसीलों के अभ्यर्थियों की रैली होगी। बरेली के युवाओं की सामान्य ड्यूटी भर्ती 24 और 25 सितंबर को होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दी गई तारीख और समय पर मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा।
दलालबिचौलियों से रहें दूर
बरेली में अग्निवीर भर्ती परीक्षा से पहले सेना ने अभ्यर्थियों को दलाल और बिचौलियों से आगाह किया है। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचें। किसी दलाल या बिचौलिए के चक्कर में न पड़ें। अगर कोई किसी भी तरह का प्रलोभन देता है तो उसकी सूचना दें।
इसे भी पढ़ें



