IndiaUttar Pradesh

​नजर हटी, दुर्घटना घटी… वाराणसी में रातभर मतगणना केंद्र पर डटे रहे सपा कार्यकर्ता, अखिलेश ले रहे पल-पल की अपडेट

बनारस स्नातक MLC चुनाव में समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा बीजेपी प्रत्याशी से 16990 वोटों से आगे चल रहे हैं. हालांकि प्रथम वरीयता में जीत के आंकड़े तक न पहुंचने के कारण फैसला दूसरी वरीयता के मतों से होगा, लेकिन आशुतोष सिन्हा की जीत लगभग तय मानी जा रही है. इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं और मतगणना पर कड़ी नजर रख रहे हैं.

​नजर हटी, दुर्घटना घटी… वाराणसी में रातभर मतगणना केंद्र पर डटे रहे सपा कार्यकर्ता, अखिलेश ले रहे पल-पल की अपडेट

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस सीट को लेकर एक के बाद एक करीब दर्जनभर एक्स पोस्ट कर बीजेपी, यूपी सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके निर्देश पर बनारस और आसपास के जिलों के सपा सांसद, विधायक और कार्यकर्ता रातभर मतगणना केंद्र पर डटे रहे. अखिलेश ने एक पोस्ट में लिखा, ‘सड़क पर लिखी वो चेतावनी याद रखें नजर हटी, दुर्घटना घटी.’

हौसलों के गीत गाकर जागते रहें सवेरा अपना होगा

अखिलेश यादव ने मतगणना केंद्र पर डटे कार्यकर्ताओं की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि, ‘सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें. हम वाराणसी शहर के अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वो मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये आदि की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें और हौसलों के गीत गाकर जागते रहें सवेरा अपना होगा.’

जो न डरे आज के जुल्मों के हालात से

सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें। हम वाराणसी शहर के अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वो मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये आदि की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें और हौसलों के गीत गाकर जागते रहें सवेरा अपना होगा।

सड़क पर लिखी वो चेतावनी याद रखें : नज़र हटी, दुर्घटना घटी!

— Akhilesh Yadav October 29, 2026

सपा प्रमुख ने वाराणसी में वोटिंग रोकने या धीमे कर देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इसके पीछे का षड्यंत्र सब समझ रहे हैं, लेकिन भाजपाई इसमें कामयाब नहीं होंगे. वाराणसी में भाजपा की हार नेशनल न्यूज न बन जाए, इसीलिए हर कुचक्र रचा जा रहा है. उन्होंने वाराणसी सीट पर रीकाउंटिग पर भी हमला बोलते हुए कहा कि यह भाजपा राज का काउंट डाउन बन जाएगी.

5वें राउंड की रीकाउंटिग में सपा को 3 वोट और मिले

बनारस स्नातक एमएलसी सीट पर मतगणना के बीच सियासी हलचल तेज है. भाजपा की मांग पर कल रात 9 बजे पांचवें राउंड की दोबारा मतगणना हुई. हालांकि, पुनर्मतगणना में सपा के आशुतोष सिन्हा को पहले के मुकाबले 3 वोट अधिक मिले. अब तक 9वें चक्र की मतगणना पूरी हो चुकी है. सपा के आशुतोष सिन्हा 50462 वोट पाकर बीजेपी के केदार सिंह से 16261 वोटों से आगे हैं.

हालांकि, कुल पड़े 1,18,000 मतों के आधार पर जीत के लिए जरूरी 59,001 मतों का आंकड़ा आशुतोष सिन्हा प्रथम वरीयता में हासिल नहीं कर सके. इसलिए प्रथम वरीयता के मतों से जीतहार का फैसला नहीं हो पाया है. अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की जा रही है. इसके बाद ही चुनाव का अंतिम परिणाम स्पष्ट होगा. अब मतगणना का सिर्फ एक राउंड ही बाकी है.

मतगणना की पलपल की अपडेट ले रहे अखिलेश

मतगणना स्थल पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, छोटेलाल खरवार और विधायक तूफानी सरोज व जाहिद बेग समेत भदोही के विधायक, नेता, सैकड़ों की संख्या मे मौजूद है. पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी है.सबसे अहम बात यह है कि अखिलेश यादव खुद वीडियो कॉल के जरिए इन नेताओं के लगातार संपर्क में हैं और मतगणना की पलपल की अपडेट ले रहे हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply