Varanasi News: उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र और रिलायंस समूह के निदेशक अनंत अंबानी देव दीपावली से पहले सोमवार को अचानक धार्मिक नगरी काशी पहुंचे. पांच महीने के भीतर यह उनकी दूसरी वाराणसी यात्रा रही. इस आध्यात्मिक दौरे के दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का विधिविधान से जलाभिषेक किया और मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान अर्पित किया. इसके अलावा उन्होंने मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी विशेष कुमकुम पूजा कर सुखसमृद्धि का आशीर्वाद लिया.

तय कार्यक्रम के अनुसार, अनंत अंबानी मुंबई से विशेष चार्टर विमान द्वारा शाम करीब 4:10 बजे बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे. वहां वीवीआईपी लाउंज में वाराणसी के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने उनकी अगवानी की. कड़ी सुरक्षा के बीच शाम करीब 5:30 बजे उनका काफिला श्री काशी विश्वनाथ धाम के वीवीआईपी गेट पर पहुंचा, जहां मौजूद श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया.
रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र से सम्मान
गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का दर्शनपूजन व जलाभिषेक करने के बाद अनंत अंबानी ने मंदिर के स्वर्ण शिखर को हाथ जोड़कर नमन किया और मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान दिया. मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट किया गया.
मां अन्नपूर्णा मंदिर में 21 ब्राह्मणों ने किया स्वागत
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अनंत अंबानी पैदल ही मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां 21 ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ उनका स्वागत किया. मंदिर के अर्चक पप्पू जी के आचार्यत्व में लगभग 15 मिनट तक उनका विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया गया. मां अन्नपूर्णा मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें माता का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. दर्शनपूजन के बाद वे सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और रात 8:40 बजे चार्टर विमान से मुंबई के लिए रवाना हो गए. इससे पहले वे इसी वर्ष 16 जून को भी काशी आए थे और बाबा विश्वनाथ व मां अन्नपूर्णा के साथ संकटमोचन और कालभैरव दरबार में हाजिरी लगाई थी.



