Andaman Nicobar New LG Dinesh Sharma: बीजेपी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार देर रात उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई। पेशे से प्रोफेसर रहे दिनेश शर्मा का राजनीतिक सफर लखनऊ के मेयर से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अब उपराज्यपाल के पद तक पहुंचा है।

लखनऊ के मेयर भी रहे
डॉ. दिनेश शर्मा ने लखनऊ के मेयर के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली है। इसके बाद उन्हें योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उत्तर प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। इस दौरान उन्होंने सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं।
राज्यसभा कार्यकाल अभी बाकी
दिनेश शर्मा को अब अंडमाननिकोबार का उपराज्यपाल बनाया गया है, जबकि उनके राज्यसभा कार्यकाल के करीब तीन साल अभी बाकी हैं। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, उनकी नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी, जिस दिन वह अपने पद का कार्यभार संभालेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद राज्यसभा सदस्यता को लेकर आगे की संवैधानिक प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।



