भारत के स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है. अमेरिकी टेक कंपनी एपल के आईफोन की बिक्री में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान भारत में आईफोन की शिपमेंट सालाना आधार पर 25% घट गई. दूसरी ओर दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग करीब ढाई साल बाद फिर देश की नंबर1 स्मार्टफोन ब्रांड बन गया है. कंपनी ने वीवो को पीछे छोड़ते हुए पहली पोजिशन हासिल कर ली है. बाजार में सैमसंग की हिस्सेदारी बढ़ने के बीच एपल चौथे नंबर पर पहुंच गया है.

मार्केट रिसर्च कंपनी IDC के आंकड़ों के मुताबिक, एपल ने जुलाईसितंबर तिमाही में करीब 37 लाख आईफोन की शिपमेंट की है. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने रिकॉर्ड 50 लाख आईफोन भेजे थे. इस तरह कंपनी की शिपमेंट में करीब 13 लाख यूनिट की कमी आई. हालांकि, एपल सिर्फ अकेली कंपनी नहीं है, जिसकी स्मार्टफोन बिक्री घटी है, बल्कि दूसरी स्मार्टफोन कंपनियों की बिक्री में भी इससे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है.
सैमसंग की शिपमेंट में हुई बढ़ोतरी
भारत के टॉप10 स्मार्टफोन ब्रांड्स में सैमसंग एकमात्र ऐसी कंपनी रही, जिसकी शिपमेंट में बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी ने सालाना आधार पर 7.9% की वृद्धि के साथ अपनी बाजार हिस्सेदारी 12.6% से बढ़ाकर 17.7% कर ली. IDC के मुताबिक, सैमसंग को अपने अलगअलग कीमत वाले स्मार्टफोन मॉडल और साल की पहली छमाही में कीमतों में सीमित बढ़ोतरी का फायदा मिला. वहीं, वीवो की शिपमेंट में 29.9% की गिरावट आई और इसका मार्केट शेयर 16.8% रह गया है. इसके साथ ही वीवो दूसरे नंबर पर पहुंच गई. ओप्पो ने 26.5% की गिरावट के बावजूद तीसरा स्थान बनाए रखा. एपल चौथे नंबर पर रही.
भारत में क्यों घटी आईफोन की मांग?
IDC के मुताबिक, एपल के आईफोन शिपमेंट में गिरावट के पीछे कई कारण रहे. कंपनी को iPhone 15, 16 और 17 सीरीज के कई मॉडल की सप्लाई में कमी का सामना करना पड़ा. इसके अलावा पुराने मॉडल पर डिस्काउंट कम किए गए और सितंबर में नए मॉडल लॉन्च होने के आसपास कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई.
इस दौरान कुल आईफोन शिपमेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की हिस्सेदारी 30% से ज्यादा रही. इससे पता चलता है कि कंपनी के महंगे मॉडल की मांग बनी हुई है. हालांकि, इस तिमाही के दौरान सामान्य iPhone 18 बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं था.
10 साल में सबसे कमजोर रहा फेस्टिव सीजन
भारत में स्मार्टफोन बाजार की कुल शिपमेंट जुलाईसितंबर तिमाही में 23.3% घटकर 3.68 करोड़ यूनिट रह गई. यह पिछले 10 साल में किसी फेस्टिव सीजन वाली तिमाही का सबसे कमजोर प्रदर्शन है. स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप की कीमतें बढ़ने से कंपनियों को फोन महंगे करने पड़े हैं. इसके कारण कंपनियों के लिए ग्राहकों को ज्यादा डिस्काउंट देना भी मुश्किल हो गया. इसका असर ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों बाजारों पर पड़ा. ऑफलाइन स्टोर के जरिए स्मार्टफोन की शिपमेंट में 26.7% की गिरावट आई, जबकि ऑनलाइन बिक्री में 18.9% की कमी दर्ज की गई.



