Satara News: महाराष्ट्र के सतारा जिले से कानूनव्यवस्था को चुनौती देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. जिले के म्हसवड शहर में रविवार शाम अवैध बालू ले जाने की आशंका में गाड़ी रोकने की कोशिश कर रहे एक पुलिसकर्मी को डंपर चालकों ने करीब 1 किलोमीटर तक गाड़ी से लटकाकर घसीटा. इस घटवा में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिसकर्मी के दर्ज बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम म्हसवड शहर इलाके में पुलिसकर्मी महावीर कोकरे अपने दोपहिया वाहन से नियमित गश्त पर तैनात थे. इसी दौरान उन्होंने सड़क से बिना नंबर प्लेट वाला एक संदिग्ध डंपर गुजरते देखा. संदेह होने पर सिपाही कोकरे ने बाइक आगे लगाकर ड्राइवर को डंपर रोकने का इशारा किया. गाड़ी रुकने के बाद जब उन्होंने जांच की, तो डंपर में अवैध रूप से उठाई गई बालू भरी हुई थी.
लाइसेंस मांगते ही किया हमला, 1 किलोमीटर तक घसीटा
सिपाही महावीर कोकरे ने जब डंपर चालक से बालू परिवहन का वैध लाइसेंस मांगा, तो आरोपी ड्राइवर उनसे उलझ गया और बहस करने लगा. देखते ही देखते ड्राइवर ने गाड़ी तुरंत स्टार्ट कर दी और भागने की कोशिश की. इसी दौरान सिपाही कोकरे ने गाड़ी को रोकने के प्रयास में डंपर के दरवाजे या साइड हिस्से को पकड़ लिया. बेखौफ ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को उसी स्थिति में लगभग 1 किलोमीटर की दूरी तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया.
दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धाराओं में कार्रवाई
इस खौफनाक वारदात में पुलिसकर्मी महावीर कोकरे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद सिपाही के होश में आने पर उनके लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. म्हसवड पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब बालू माफिया के पूरे नेटवर्क और वाहन के मालिकाना हक की जांच में जुट गई है.



