होशियारपुर : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में करीब 100 वर्ष पुराने हिंदू मंदिर को कथित तौर पर मदरसे तक रास्ता बनाने के लिए तोड़े जाने की घटना पर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले को केंद्रीय विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाते हुए पाकिस्तान सरकार से मंदिर के पुनर्निर्माण और वहां हिंदू धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

खन्ना के कार्यालय के सचिव ज्योति कुमार जौली ने बताया कि समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नारोवाल के सिराज गांव में करीब 100125 वर्ष पुराने हिंदू मंदिर को कथित तौर पर मदरसे तक रास्ता बनाने के लिए गिरा दिया गया। बताया गया है कि यह मंदिर लगभग 1,000 वर्ग मीटर भूमि पर स्थित था। स्थानीय हिंदू समुदाय की ओर से मंदिर के संरक्षण और पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है।
जौली के अनुसार, खन्ना ने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया है कि पाकिस्तान सरकार के समक्ष इस मामले को उचित कूटनीतिक माध्यम से उठाया जाए और घटना की गंभीरता से जांच करवाने के साथ मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने का दबाव बनाया जाए।
खन्ना ने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल को सड़क, रास्ते या अन्य निर्माण के नाम पर नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है। विशेष रूप से पाकिस्तान में हिंदू समुदाय के प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर समयसमय पर सामने आने वाली चिंताओं के मद्देनजर ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया। खन्ना ने कहा कि धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े स्थलों की सुरक्षा केवल किसी एक समुदाय का विषय नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, मानवाधिकार और सभ्य समाज की जिम्मेदारी है।

