Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले की पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए प्रयागराज निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह के सदस्य विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाते थे और फिर उन खातों का इस्तेमाल देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए करते थे. पुलिस की जांच में सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों में करीब 37 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है, जबकि देशभर में इस नेटवर्क से संबंधित करीब 200 साइबर शिकायतें दर्ज हैं. ठगी की कुल रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर नेटवर्क के सदस्य सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त अपने सहयोगियों के साथ संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कंपनियां स्थापित कर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देता था. इसके बाद उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए जाते थे.
बैंक खातों का करते थे खरीदफरोख्त
जांच में बैंक खातों की खरीदफरोख्त का संगठित नेटवर्क सामने आया है. सामान्य बचत खाते 10 से 20 हजार रुपये और कॉरपोरेट खाते 50 हजार से एक लाख रुपये तक में खरीदे जाते थे. बाद में इन खातों को साइबर अपराधियों को लाखों रुपये में उपलब्ध कराया जाता था. निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर लोगों से ठगी गई रकम इन्हीं खातों में मंगाई जाती थी. इसके बाद रकम को क्रिप्टोकरेंसी और नकद के माध्यम से दूसरे ठिकानों तक पहुंचाया जाता था.
अलगअलग राज्यों में 200 साइबर शिकायतें दर्ज
एसपी के अनुसार, सोनभद्र से जुड़े खातों में करीब 37 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन मिला है. वहीं, देश के विभिन्न हिस्सों में करीब 200 साइबर शिकायतें दर्ज हैं. इस मामले में पुलिस पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. ताजा गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से महिंद्रा थार, 27 बैंक कार्ड, चेकबुक, पासबुक, तीन मोबाइल फोन और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया गया है.
फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. साथ ही बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम किनकिन राज्यों और लोगों तक पहुंचाई गई, इसकी पड़ताल की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं.


