नई दिल्ली : दिल्लीएनसीआर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 45 हजार दर्शकों की क्षमता वाला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। स्टेडियम के निर्माण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने परियोजना के सर्वे और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इसके लिए GDA की ओर से रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया गया है। इच्छुक एजेंसियां 18 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगी, जबकि 21 सितंबर को प्राप्त निविदाएं खोली जाएंगी।
राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और GDA संयुक्त रूप से करेंगे। परियोजना में जमीन, निर्माण और संचालन से संबंधित हिस्सेदारी दोनों संस्थाओं की 5050 फीसदी होगी।
पिछले दिनों GDA और UPCA ने मिलकर प्रस्तावित स्टेडियम का डिजाइन तैयार किया था। इसका प्रेजेंटेशन आवास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद के सामने किया गया था। डिजाइन को प्रमुख सचिव की मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना के सर्वे और DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सलाहकार एजेंसी के चयन के बाद उसे परियोजना का विस्तृत सर्वे करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। एजेंसी स्टेडियम का लेआउट तैयार करने के साथ ही पूरी परियोजना की DPR भी तैयार करेगी। अधिकारियों के मुताबिक, सर्वे और DPR तैयार करने की पूरी प्रक्रिया में करीब दो महीने का समय लग सकता है।
DPR तैयार होने के बाद स्टेडियम के निर्माण और संचालन को लेकर GDA और UPCA के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन में क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए करीब 33 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यह परियोजना पब्लिकप्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित की जाएगी। प्रस्तावित स्टेडियम में करीब 45 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा सकें। UPCA ने इस परियोजना के लिए करीब 70 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी है। स्टेडियम बनने के बाद यह दिल्लीNCR के प्रमुख क्रिकेट केंद्रों में शामिल हो सकता है।



