Disha Salian Death Case:दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में नया कानूनी मोड़ सामने आया है।

दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को कानूनी नोटिस भेजकर ₹500 करोड़ के हर्जाने की मांग की है। नोटिस में दोनों नेताओं की कुछ सार्वजनिक टिप्पणियों पर आपत्ति जताई गई है।
सतीश सालियान का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच कराने की उनकी कानूनी कोशिशों को राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताने वाली टिप्पणियों से उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
नोटिस में दोनों नेताओं से कथित आपत्तिजनक बयान वापस लेने और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है। इसके लिए सात दिन का समय दिया गया है।
CBI की जांच के बाद मानहानि का नोटिस
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नोटिस में प्रिंट, टीवी, डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से माफी प्रकाशित या प्रसारित करने की मांग भी की गई है।
यह कानूनी नोटिस ऐसे समय भेजा गया है जब CBI ने दिशा सालियान की 2020 में हुई मौत से जुड़े मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की है।
बेटी की मौत की स्वतंत्र जांच की मांग
सतीश सालियान लंबे समय से अपनी बेटी की मौत की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। उनके पक्ष की ओर से मौत की परिस्थितियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की सत्यता फिलहाल जांच और न्यायिक प्रक्रिया का विषय है।
आदित्य ठाकरे बोले थे दिशा को नहीं जानते
वहीं आदित्य ठाकरे ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि वे दिशा सालियान को नहीं जानते थे और अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को बिना सबूत और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।



