भारत के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल अडानी ग्रुप में अब नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी चर्चा में है. ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने फॉर्च्यून इंडिया को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अपने उत्तराधिकार की योजना के बारे में जानकारी दी है. 64 वर्षीय गौतम अडानी आने वाले वर्षों में उचित समय पर ग्रुप का पूरा नियंत्रण परिवार के चार सदस्यों को सौंपेंगे.गौतम अडानी के मुताबिक, अगली पीढ़ी को सिर्फ परिवार का सदस्य होने के कारण नेतृत्व नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें अपनी काबिलियत साबित करनी होगी. उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी को नेतृत्व नहीं, बल्कि उसे हासिल करने की जिम्मेदारी विरासत में मिलती है.

अडानी ग्रुप की यह योजना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कंपनी का कारोबार अब पोर्ट, एयरपोर्ट, पावर, सीमेंट, गैस, लॉजिस्टिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और कई दूसरे क्षेत्रों में फैल चुका है.गौतम अडानी ने अपने कारोबारी साम्राज्य के भविष्य के लिए परिवार के चार सदस्यों को चुना है. इनमें दो बेटे और दो भतीजे शामिल हैं. चारों पहले से ही ग्रुप के अलगअलग कारोबारों में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं. आइए आपको भी बताते हैं इन चारों के बारे में…
प्रणव अडानी: रियल एस्टेट से गैस कारोबार तक जिम्मेदारी
- प्रणव अडानी चारों उत्तराधिकारियों में सबसे बड़े हैं. वह गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अडानी के बेटे हैं. उनकी उम्र 48 साल है.
- वह अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. इसके अलावा रियल एस्टेट, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, स्पोर्ट्स और नेचुरल रिसोर्सेज जैसे कारोबारों की जिम्मेदारी भी उनके पास है.
- प्रणव ने 1999 में अडानी ग्रुप के साथ अपनी नेतृत्व यात्रा शुरू की थी. उन्होंने अडानी विल्मर के कारोबार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वर्तमान में वह अडानी रियल्टी के कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं.
- कंपनी अहमदाबाद, मुंबई, नवी मुंबई और NCR जैसे बाजारों में प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है. उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पढ़ाई की है और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के ओनर्स/प्रेसिडेंट मैनेजमेंट प्रोग्राम का भी हिस्सा रहे हैं.
करण अडानी: पोर्ट और सीमेंट कारोबार की कमान
करण अडानी गौतम अडानी के बड़े बेटे हैं. 39 वर्षीय करण ग्रुप के पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन और सीमेंट कारोबार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने 2009 में मुंद्रा पोर्ट से अपने करियर की शुरुआत की थी. 2016 में उन्हें अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन का CEO बनाया गया. जनवरी 2024 में वह कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर बने. उनके नेतृत्व में अडानी पोर्ट्स का नेटवर्क भारत और विदेशों में 20 पोर्ट्स और टर्मिनल तक पहुंच चुका है.
करण के कार्यकाल में ग्रुप ने सीमेंट सेक्टर में भी बड़ा विस्तार किया. 2022 में होल्सिम के भारतीय कारोबार का अधिग्रहण किया गया, जिसके बाद कई अन्य सीमेंट कंपनियों का भी अधिग्रहण हुआ.हाल ही में अडानी पोर्ट्स ने यूरोप की प्रमुख लिक्विड स्टोरेज ऑपरेटर कंपनी Evos का 2.56 अरब यूरो में अधिग्रहण किया है.
सागर अडानी: पावर और रिन्यूएबल एनर्जी की जिम्मेदारी
- सागर अडानी गौतम अडानी के भाई राजेश अडानी के बेटे हैं. 32 वर्षीय सागर अडानी ग्रुप के एनर्जी कारोबार में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
- वह अडानी ग्रीन एनर्जी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं. 2015 में ब्राउन यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह ग्रुप से जुड़े थे.
- सागर ने अडानी ग्रीन एनर्जी के सोलर और विंड एनर्जी पोर्टफोलियो को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
- इसके अलावा वह अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी पावर और अडानी न्यू इंडस्ट्रीज से जुड़े कारोबारों की भी देखरेख करते हैं. ग्रुप के वित्तीय प्रबंधन, रणनीतिक निवेश और पूंजी आवंटन से जुड़े मामलों में भी उनकी अहम जिम्मेदारी है.
जीत अडानी: एयरपोर्ट से AI और डिफेंस तक फोकस
- जीत अडानी गौतम अडानी के छोटे बेटे हैं. 29 वर्षीय जीत ग्रुप की नई पीढ़ी के उन चेहरों में शामिल हैं, जिन्हें भविष्य के कारोबारों की जिम्मेदारी दी जा रही है.
- वह अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर हैं. यह कंपनी देश के आठ एयरपोर्ट का प्रबंधन और विकास करती है.
- जीत 2019 में अडानी ग्रुप से जुड़े थे. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंस से पढ़ाई की है.
- उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्रुप के CFO ऑफिस से की थी, जहां उन्हें कैपिटल मार्केट, रिस्क मैनेजमेंट, गवर्नेंस और स्ट्रैटेजिक फाइनेंस का अनुभव मिला.
- अब उनकी जिम्मेदारियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल्स जैसे भविष्य के कारोबार भी शामिल हैं.
करीब 3 लाख करोड़ रुपए का रेवेन्यू, 17 लाख करोड़ से ज्यादा मार्केट कैप
अडानी ग्रुप पिछले चार दशकों में एक ट्रेडिंग कंपनी से देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल हो चुका है. गौतम अडानी ने कोयले के कारोबार से शुरुआत की थी. इसके बाद ग्रुप ने पावर, पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, सीमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी, गैस और एयरपोर्ट जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया.
फॉर्च्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रुप 2 दर्जन से ज्यादा कारोबारी क्षेत्रों में सक्रिय है. वित्त वर्ष 202526 में ग्रुप का रेवेन्यू करीब 3 लाख करोड़ रुपये रहा. ग्रुप की एक दर्जन सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 17 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है. गौतम अडानी की व्यक्तिगत संपत्ति 105 अरब डॉलर से ज्यादा आंकी गई है.
गौतम अडानी ने उत्तराधिकारियों से क्या उम्मीद जताई?
गौतम अडानी ने साफ किया है कि अगली पीढ़ी के लिए सिर्फ मौजूदा कारोबार को संभालना पर्याप्त नहीं होगा. उन्हें नए क्षेत्रों में जोखिम लेने, तेजी से फैसले करने और लंबी अवधि की कारोबारी रणनीति बनाने की क्षमता दिखानी होगी. उनके मुताबिक, उत्तराधिकारियों में तीन प्रमुख खूबियां होनी चाहिए. जिसमें पहला ये कि जोखिम लेने का साहस होना काफी जरूरी है. वो कहते हैं कि मुश्किल और नए क्षेत्रों में कारोबार शुरू करने की हिम्मत होनी चाहिए. दूसरा सीखने की क्षमता भी काफी जरूरी है, दूसरों के अनुभव और सलाह से सीखने की समझ होनी चाहिए. तीसरा ये कि यह समझना जरूरी है कि कोई भी व्यक्ति या परिवार किसी संस्थान से बड़ा नहीं होता. गौतम अडानी चाहते हैं कि अगली पीढ़ी उनके बनाए कारोबार को सिर्फ आगे न बढ़ाए, बल्कि उसे पहले से ज्यादा मजबूत, भरोसेमंद और लंबे समय तक टिकाऊ बनाए.
क्या चारों मिलकर चलाएंगे अडानी ग्रुप?
इस उत्तराधिकार योजना की सबसे खास बात यह है कि गौतम अडानी ने नेतृत्व के लिए परिवार के सिर्फ एक सदस्य को नहीं चुना है. उन्होंने चार लोगों की टीम तैयार की है, जिनकी विशेषज्ञता अलगअलग कारोबारों में है. प्रणव अडानी के पास रियल एस्टेट और गैस कारोबार का अनुभव है. करण पोर्ट और सीमेंट कारोबार संभाल रहे हैं. सागर एनर्जी और फाइनेंस से जुड़े मामलों में सक्रिय हैं, जबकि जीत एयरपोर्ट और नए टेक्नोलॉजी आधारित कारोबारों पर काम कर रहे हैं. ग्रुप का पूरा नियंत्रण किस तारीख को सौंपा जाएगा, इसकी निश्चित समयसीमा अभी घोषित नहीं हुई है. कुल मिलाकर, अडानी ग्रुप की उत्तराधिकार योजना सिर्फ परिवार के भीतर नेतृत्व परिवर्तन नहीं है, बल्कि करीब 3 लाख करोड़ रुपए के सालाना रेवेन्यू वाले कारोबारी साम्राज्य के भविष्य की रणनीति भी है. अब देखने वाली बात होगी कि ये चारों मिलकर ग्रुप को अगले दशक में किस मुकाम तक पहुंचाते हैं.



