Jalgaon Crime News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की डकैती का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शनिवार दोपहर हेलमेट और मास्क पहनकर पहुंचे 4 हथियारबंद डकैतों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर 16 लॉकर तोड़ दिए. फिर 27 किलो सोना तथा 15 लाख कैश लूटकर फरार हो गए. मामला धरणगांव तालुका स्थित भोकर गांव का है. हालांकि, ग्रामीणों की बहादुरी और जलगांव पुलिस की त्वरित नाकाबंदी के चलते महज कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

इस डकैती का मास्टरमाइंड महाराष्ट्र पुलिस का एक बर्खास्त पुलिस सबइंस्पेक्टर निकला, जिसने जेल में रहते हुए इस पूरी वारदात की साजिश रची थी. शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 4 नकाबपोश डकैत भोकर स्थित SBI बैंक में दाखिल हुए. डकैतों ने बंदूक की नोक पर बैंक मैनेजर और कैशियर को अपने कब्जे में लिया. विरोध करने पर मारपीट की और दोनों को कुर्सी से बांध दिया.
दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने बैंक के भीतर 2 राउंड फायरिंग की . इसके बाद लॉकर रूम में घुसकर कटर से 16 लॉकर तोड़ दिए और लगभग 27 किलो सोने के आभूषण व 15 लाख नकद 6 बैगों में भरकर भाग निकले.
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, पुलिस ने सभी 4 दबोचे
डकैती की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों और बैंक कर्मियों ने पुलिस को सूचित करते हुए डकैतों का पीछा करना शुरू कर दिया. विदगांव के पास ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को धर दबोचा, जिसके पास से लूट का माल बरामद हुआ. इसके बाद धरणगांव पुलिस ने नाकाबंदी कर अन्य 3 आरोपियों को भी अलगअलग इलाकों से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने डकैतों के पास से लूटा गया सोनाकैश और लूट में इस्तेमाल किए गए 5 बैग बरामद कर लिए हैं.
बर्खास्त PSI शंकर जासक निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस डकैती की पूरी प्लानिंग महाराष्ट्र पुलिस के बर्खास्त सबइंस्पेक्टर शंकर रमेश जासक ने बनाई थी, जो पूर्व में जेल में रहने के दौरान आपराधिक गिरोह के संपर्क में आया था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुछ इस तरह हुई है
- शंकर रमेश जासक निवासी: खेड़ी, जलगांव.
- अंकुश श्रावण चव्हाण निवासी: रामदेववाड़ी, जलगांव.
- गजानन राजेंद्र पवार निवासी: न्यायडोंगरी, नासिक.
- अंकुश तुलशीराम चव्हाण निवासी: खापरखेड़ा.
पुलिस अधीक्षक और मंत्री ने किया निरीक्षण
जलगांव एसपी श्रीकांत धिवरे ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा भोकर गांव स्थित एसबीआई बैंक में 4 लोगों ने बंदूक दिखाकर 27 किलो सोना और कैश लूटा था. जलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे 5 बैग बरामद कर लिए गए हैं. मामले की आगे की कानूनी तफ्तीश जारी है. घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र के मंत्री गुलाबराव पाटील ने भी एसबीआई बैंक पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए.



