Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के एच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में 35 करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई तेज हो गई है. बैंक के दिल्लीNCR जोनल मैनेजर राजेश भौमिक के मुताबिक, मामले में 5 बैंक कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं कुछ का अन्य ब्रांच में ट्रांसफर किया गया है. इसके साथ ही जांच CBI को सौंप दी गई है. वहीं पुलिस ने 16 खाताधारकों की शिकायत पर बैंक कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है. बैंक प्रबंधन का कहना है कि अब तक तीन खाताधारकों की रकम वापस की जा चुकी है. हालांकि अन्य प्रभावित खाताधारक अपनी पूरी जमा राशि वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

35 करोड़ रुपए की हेराफेरी से मचा हड़कंप
PNB शाखा में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि खाताधारकों की जानकारी के बिना उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट की रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई. इस मामले में 35 करोड़ रुपए की हेराफेरी हुई. मामले का खुलासा होने के बाद प्रभावित खाताधारकों में नाराजगी फैल गई. उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने के लिए बैंक में जमा की थी, लेकिन उनकी जानकारी के बिना ही जमा रकम को दूसरे खातों में भेज दिया गया. खाताधारकों ने बैंक अधिकारियों से संपर्क कर अपनी रकम वापस करने की मांग की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
मैनेजर समेत 5 बैंककर्मी सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से संस्पेंड कर दिया. इनमें शाखा प्रबंधक भी शामिल हैं. दिल्लीNCR के जोनल मैनेजर राजेश भौमिक ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. पुलिस ने 16 खाताधारकों की शिकायत के आधार पर बैंक कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है. अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि गड़बड़ी कैसे हुई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही?
अब CBI करेगी पूरे मामले की जांच
इस मामले में अब CBI की जांच की बात सामने आई है. जोनल मैनेजर राजेश भौमिक के अनुसार, जांच एजेंसी पूरे प्रकरण की पड़ताल करेगी. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि FD की रकम खाताधारकों की जानकारी के बिना कैसे निकाली गई या दूसरे खातों में ट्रांसफर हुई? इसके अलावा यह भी जांच का विषय होगा कि ट्रांसफर की गई रकम किन खातों में पहुंची और इस पूरे मामले में कौनकौन शामिल था? जांच के दौरान बैंक के रिकॉर्ड, लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी. अधिकारी का कहना कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बैंक के जोनल मैनेजर राजेश भौमिक ने कहा कि प्रभावित खाताधारकों की रकम वापस करने की प्रक्रिया जारी है. अब तक तीन खाताधारकों को उनका पैसा लौटाया जा चुका है. बाकी प्रभावित ग्राहकों की रकम भी वापस करने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि खाताधारक अभी बैंक के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं. उनका कहना है कि जब तक उनकी पूरी जमा राशि वापस नहीं मिल जाती, तब तक उन्हें राहत नहीं मिलेगी. जिन लोगों की FD की रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर हुई है, वे अपनी जमा पूंजी को लेकर चिंतित हैं.



