India

​गुजरात सरकार ने आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर बताने के लिए शुरू किया अभियान

गुजरात सरकार ने खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन हेल्थ’ शुरू किया है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने बुधवार को इसकी घोषणा की. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गुजरात में खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ता जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन के सहयोग से ‘ऑपरेशन हेल्थ’ शुरू किया है जिसका उद्देश्य लोगों को आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर के बारे में जागरूक करना है.

​गुजरात सरकार ने आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर बताने के लिए शुरू किया अभियान

एक वीडियो संदेश में उन्होंने बताया कि इस पहल पर चर्चा के लिए स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त और खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई.

उन्होंने कहा कि आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट दोनों ही कानूनी रूप से मान्य उत्पाद हैं, लेकिन इनके बीच अंतर को लेकर लोगों में जागरूकता कम है.

दोनों को आइस्क्रीम समझते हैं लोग

पानशेरिया ने बताया, ”आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट में बहुत अंतर है, लेकिन लोग आमतौर पर दोनों को आइसक्रीम ही समझते हैं. आइसक्रीम को शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम के रूप में लेबल किया जाता है. वहीं, फ्रोजन डेजर्ट दूध की वसा के बजाय वनस्पति तेल और मिल्क पाउडर मिलाकर बनाया जाता है. ऐसे उत्पाद को आइसक्रीम नहीं कहा जा सकता, इसे डेजर्ट कहा जा सकता है.”

उन्होंने कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक लोगों को यह जानकारी नहीं है कि वे जिस उत्पाद को आइसक्रीम समझकर खाते हैं, वह वनस्पति तेल यानी पाम ऑयल और मिल्क पाउडर से बना होता है तथा उसमें दूध की एक बूंद भी नहीं होती.

मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत गुजरात में आइसक्रीम बेचने वालों को ग्राहकों को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि बेचा जा रहा उत्पाद शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम है या फ्रोजन डेजर्ट. उन्हें दोनों उत्पादों के बीच का अंतर भी प्रदर्शित करना होगा.

पानशेरिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर के बारे में जागरूक करना और उन्हें शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम का सेवन करने के लिए प्रेरित करना है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply