पेट के निचले हिस्से या जांघ और पेट के जोड़ में दर्द होने पर अक्सर लगता है कि मांसपेशियों में खिंचाव हो गया है. लेकिन ऐसा दर्द हर्निया के कारण भी हो सकता है. इसलिए दोनों स्थितियों के लक्षण समझना जरूरी होता है.

मांसपेशियों में खिंचाव भारी सामान उठाने, व्यायाम करने, दौड़ने या अचानक मुड़ने से हो सकता है. जब आप चलते हैं, झुकते हैं या उस मांसपेशी पर जोर डालते हैं, तो दर्द बढ़ सकता है. उस जगह को छूने पर भी दर्द महसूस हो सकता है. लेकिन आराम करने के बाद दर्द धीरेधीरे कम हो जाता है.
डॉक्टर गौरव चौहान कहते हैं कि हर्निया की सिचुएशन में पेट की मांसपेशियों की लेयर या दीवार के कमजोर हिस्से से चर्बी या आंत का कुछ हिस्सा बाहर निकल आता है. इससे पेट या जांघ के जोड़ के पास एक गांठ दिख सकती है.
खांसने, खड़े होने, वजन उठाने या जोर लगाने पर यह गांठ ज्यादा दिखती है और जब आप लेट जाते हैं, तो वह कम हो सकती है. कुछ लोगों को भारीपन, खिंचाव या जलन की भावना हो सकती है.
हालांकि, हर हर्निया में गांठ दिखना जरूरी नहीं होता. इसलिए दर्द के आधार पर ही निष्कर्ष न निकालें. डॉक्टर आपकी जांच करते हैं और जरूरत पड़ने पर अल्ट्रासाउंड की सलाह दे सकते हैं. अगर उभार में तेज दर्द हो, वह सख्त हो जाए या अंदर वापस न जाए, खासकर उल्टी के साथ, तो तुरंत अस्पताल जाएं.



