TrendingUttar Pradesh

​प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा : पिकअप ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, दो मजदूरों की मौत, दो गंभीर

​प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा : पिकअप ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, दो मजदूरों की मौत, दो गंभीर

प्रतापगढ़, अमृत विचार : यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के पट्टीचिलबिला मार्ग स्थित तेरामिल, सराय भीमसेन गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सराय भीमसेन गेट के सामने छत ढालने वाली मशीन को खींचकर ले जा रहे एक ट्रैक्टर में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह टक्कर में ट्रैक्टर पर सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 102 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को प्रयागराज मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

हादसे में दो मजदूरों की मौके पर मौत

हादसे में मनैतापुर निवासी 45 वर्षीय गन्ने बनवासी और सुल्तानपुर निवासी पवन बनवासी की मौत हो गई। जबकि मनैतापुर निवासी नाटे बनवासी को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर कर दिया गया। आसपुर देवसरा निवासी पिकअप सवार 25 वर्षीय अमित यादव का उपचार चल रहा है। सराय भीमसेन निवासी ट्रैक्टर मालिक विनोद गुप्ता को हल्की चोटें आई हैं।

हादसे के बाद चालक फरार, पिकअप मालिक मौके पर रहा मौजूद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुए ट्रैक्टर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट नहीं लगी थी। दुर्घटना के तुरंत बाद बोलेरो पिकअप का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि पिकअप मालिक पूरे फौजी भरोखन निवासी राम सिंह यादव घटना के बाद मौके पर ही मौजूद रहे। कंधई थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो गंभीर रूप से घायलों का इलाज प्रयागराज में जारी है। फरार पिकअप चालक की तलाश के साथ मामले की जांचपड़ताल में जुटी हुई है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply