IndiaUttar Pradesh

​बिजनौर में हाथियों को लगा शराब का चस्का! लाहन पीकर हो रहे बेकाबू… खेतों में मचा रहे तांडव

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के वन क्षेत्रों से सटे ग्रामीण इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक एक नए और बेहद हैरान करने वाले रूप में सामने आया है. अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और बढ़ापुररेहड़ वन रेंज से निकलकर आबादी की तरफ आ रहे हाथी अब खेतों में अवैध रूप से तैयार की जाने वाली कच्ची शराब के लाहन के आदी होते जा रहे हैं.

​बिजनौर में हाथियों को लगा शराब का चस्का! लाहन पीकर हो रहे बेकाबू… खेतों में मचा रहे तांडव

इस तेज गंध वाले लाहन को पीकर नशे में टल्ली हाथी अपना आपा खो रहे हैं और किसानों की तैयार फसलों को बेरहमी से रौंद रहे हैं. वन्यजीव विशेषज्ञों और स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, जंगल के किनारे और गन्ने के घने खेतों की आड़ में शराब माफिया चोरीछिपे कच्ची शराब बनाते हैं. शराब बनाने के लिए ड्रमों और गड्ढों में गुड़, शीरा और अन्य पदार्थों को सड़ाकर लाहन तैयार किया जाता है.

नशे में धुत होकर मचाते हैं भारी तबाही

इसकी तीखी और मीठी गंध जंगली हाथियों को दूर से ही अपनी ओर आकर्षित करती है. भोजन और पानी की तलाश में भटकते हुए हाथी इन ठिकानों तक पहुंच जाते हैं और ड्रम तोड़कर सारा लाहन पी जाते हैं. लाहन पीने के बाद नशे की हालत में हाथियों का व्यवहार बेहद आक्रामक और अनियंत्रित हो जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों के मुकाबले नशे में धुत हाथी शोर मचाने या मशाल दिखाने से भी नहीं डरते. हाथी खेतों में घुसकर गन्ने और धान की फसल खाने से ज्यादा उसे पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं.

हाल के दिनों में बढ़ापुर, रेहड़ और कादराबाद क्षेत्रों के कई गांवों में दर्जनों बीघा फसल हाथियों के इस उत्पात की भेंट चढ़ चुकी है, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है. फसलों के भारी नुकसान के साथसाथ ग्रामीणों को अपनी जान का भी खतरा सता रहा है. किसानों का आरोप है कि एक तरफ वन विभाग हाथियों को जंगल में रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं कर पा रहा है, तो दूसरी तरफ आबकारी विभाग और पुलिस जंगल से सटे इलाकों में चल रही अवैध शराब की भट्ठियों पर पूरी तरह लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं.

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वन क्षेत्रों के आसपास चल रहे अवैध शराब के अड्डों को तत्काल ध्वस्त किया जाए. हाथियों से बचाव के लिए गश्त बढ़ाई जाए और बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा जल्द से जल्द दिलाया जाए. एसपी बिजनौर केके विश्नोई ने दस दिनों का समय निर्धारित करते हुए सभी थाना प्रभारियों को देशी शराब बनाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं.

बिजनौर के डीएफओ जय सिंह कुशवाहा के मुताबिक वन्य जीव भोजन पानी की तालाश में जंगलो के निकटवर्ती खेतो और गांवों तक पहुंच जाते हैं और देशी शराब बनाने वाले लोगों का लाहन आदि पीकर मदमस्त हो जाते हैं. फिर खेतों में खडी गेहूं, गन्ने,चारे, धान की फसलों को रोंद डालते हैं, जिससे किसानों का भारी नुकसान हो जाता है, इसलिए सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी ग्रामीणों की मदद से वन्य जीवों को खदेड देते हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply