IndiaUttar Pradesh

​लखनऊ के वजीरगंज में SA अपार्टमेंट का पिलर घंसा, मची अफरा-तफरी; रहते हैं 24 परिवार

Lucknow News: लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोलागंज में सोमवार को SA अपार्टमेंट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब बिल्डिंग के एक पिलर के धंसने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत कई विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट में रहने वाले सभी 24 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अधिकारियों की मौजूदगी में अब बिल्डिंग की तकनीकी जांच कराई जा रही है.

​लखनऊ के वजीरगंज में SA अपार्टमेंट का पिलर घंसा, मची अफरा-तफरी; रहते हैं 24 परिवार

पिलर में आई दिक्कत

मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोलागंज स्थित SA अपार्टमेंट का है. बताया जा रहा कि सोमवार को अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बिल्डिंग के एक पिलर में दिक्कत देखी. लोगों को आशंका हुई कि पिलर बैठ रहा है और इससे बिल्डिंग की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया. एलडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया.

25 फ्लैट, 24 परिवार रहते हैं

अधिकारियों के मुताबिक, SA अपार्टमेंट में कुल 25 फ्लैट हैं. इनमें करीब 24 परिवार रह रहे थे. पिलर में दिक्कत की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी परिवारों को बिल्डिंग से बाहर निकाल लिया गया. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन की ओर से आसपास की बिल्डिंगों की सुरक्षा को लेकर भी एहतियात बरती जा रही है. अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों को भी सतर्क किया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.

15 साल पुरानी बताई जा रही बिल्डिंग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, SA अपार्टमेंट का निर्माण करीब 15 साल पहले हुआ था. इसे वकील अहमद और सहाब नाम के बिल्डरों द्वारा बनाए जाने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि मूल रूप से यह पांच मंजिला बिल्डिंग थी. बाद में बिल्डिंग के ऊपर पेंटहाउस भी बनाया गया. अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से वे बिल्डिंग में आ रही समस्याओं को लेकर बिल्डर से शिकायत कर रहे थे. उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद बिल्डिंग की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया.

DM बोले सभी परिवार सुरक्षित

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि SA अपार्टमेंट के एक पिलर के बैठने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित टीमों को मौके पर भेजा गया. फायर सेफ्टी, स्थानीय पुलिस और अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. पास की एक अन्य बिल्डिंग को भी एहतियातन खाली कराया गया है.

जिलाधिकारी के मुताबिक, अब तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से बिल्डिंग की स्थिति का आकलन कराया जाएगा. आईआईटी की टीम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है. स्ट्रक्चरल इंजीनियर यह देखेंगे कि बिल्डिंग को स्थिर करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं और आसपास की इमारतों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए?

परिवारों के रहने की भी होगी व्यवस्था

प्रशासन ने अपार्टमेंट से बाहर निकाले गए परिवारों से संपर्क शुरू कर दिया है. अधिकारियों की ओर से उनकी पूरी जानकारी ली जा रही है. कुछ परिवारों ने लखनऊ में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां जाने की बात कही है. वहीं, जिन परिवारों के पास तत्काल रहने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए प्रशासन की ओर से रैन बसेरे या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.

डीसीपी वेस्ट जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वजीरगंज थाना क्षेत्र में स्थित इस बिल्डिंग के एक पिलर में दिक्कत की सूचना मिली थी. इसके बाद एहतियात के तौर पर बिल्डिंग को खाली करा लिया गया. एलडीए और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं. उन्होंने बताया कि मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है, ताकि राहत और जांच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो. फिलहाल प्रशासन और तकनीकी टीमें बिल्डिंग की स्थिति का निरीक्षण कर रही हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply