India

​सेमीफाइनल में टीम इंडिया के साथ हुई नाइंसाफी, अंपायर्स की गलती के कारण हाथ से फिसल गया फाइनल का टिकट

Team India: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत ए को श्रीलंका ए के खिलाफ 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का फाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट गया। हालांकि, इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथसाथ अंपायरों के फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

​सेमीफाइनल में टीम इंडिया के साथ हुई नाइंसाफी, अंपायर्स की गलती के कारण हाथ से फिसल गया फाइनल का टिकट

सोशल मीडिया पर फैंस का आरोप है कि खराब अंपायरिंग के कारण टीम इंडिया को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खासतौर पर रिंकू सिंह, शाहबाज अहमद और हर्ष दुबे से जुड़े तीन फैसले चर्चा का विषय बने हुए हैं।

रिंकू सिंह को दिया गया गलत आउट

भारत ए की पारी के दौरान सबसे विवादित फैसला रिंकू सिंह को लेकर देखने को मिला। भारतीय पारी के 37वें ओवर में श्रीलंकाई गेंदबाज रविंदु फर्नांडो ने रिंकू के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की। अंपायर ने अपील स्वीकार करते हुए उन्हें आउट करार दे दिया।

हालांकि, रिप्ले में गेंद के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर पैड से टकराने के संकेत दिखाई दिए। रिंकू सिंह भी इस फैसले से काफी नाराज नजर आए। उन्होंने अंपायर के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की, लेकिन उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इस मुकाबले में डीआरएस की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए रिंकू के पास फैसले को चुनौती देने का विकल्प भी नहीं था।

शाहबाज और हर्ष दुबे की गेंदबाजी पर भी विवाद

अंपायरिंग को लेकर दूसरा विवाद शाहबाज अहमद की गेंदबाजी के दौरान हुआ। उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाज लुसिथ क्रूसपुले को अपनी गेंद पर चकमा दिया। गेंद सीधे उनके पैड पर लगी, लेकिन अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। उस समय क्रूसपुले 65 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। बाद में उन्होंने शानदार शतक जड़कर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद हर्ष दुबे की गेंदबाजी पर भी ऐसा ही मामला देखने को मिला। उनकी गेंद पर श्रीलंकाई बल्लेबाज निशान मदुश्का रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में चूक गए और गेंद उनके पैड पर जा लगी। भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया।

317 रन बनाकर भी हार गई Team India

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 317 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 78 रन, कप्तान तिलक वर्मा ने 53 रन और शाहबाज अहमद ने नाबाद 54 रन की शानदार पारियां खेलीं।

जवाब में श्रीलंका ए ने लुसिथ क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने के शानदार शतकों की बदौलत 41.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।

अब सोशल मीडिया पर अंपायरों के फैसलों को लेकर बहस छिड़ी हुई है। फैंस का मानना है कि अगर ये फैसले भारत के पक्ष में होते तो मुकाबले का परिणाम कुछ और हो सकता था।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply