
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। शहर के मंदिरों से लेकर पुलिस थानों तक जन्माष्टमी की विशेष तैयारियां की गई हैं। लखनऊ के सभी 53 पुलिस थानों को सजाया गया है। वहीं, पुलिस लाइन में जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके कर्मयोग और धर्मअधर्म के संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने और निष्काम कर्म को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देता है।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2095872280110985446
लाखों श्रद्धालु बांके बिहारी के दर्शन को पहुंचे: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हालिया मथुरावृंदावन दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान बांके बिहारी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गर्मी और अन्य परेशानियां भी लोगों की आस्था को नहीं रोक पा रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि मथुरावृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यह बताती है कि लोगों की आस्था कितनी मजबूत है। उन्होंने कहा कि मंदिरों को नष्ट करने की कोशिशें भले ही हुई हों, लेकिन लोगों के मन में स्थापित आस्था को कोई समाप्त नहीं कर सका। उन्होंने सोमनाथ मंदिर और राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हें तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन लोगों की आस्था खत्म नहीं हुई।
‘आस्था मिटाने की कोशिश करने वाले मिट्टी में मिल गए’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हमारी आस्था को मिटाने की कोशिश करने वाले मिट्टी में मिल गए। उन्हें पूछने वाला कोई नहीं है। हमारा भारत आज भी जीवित है, जागृत है और शाश्वत रूप से अपनी यात्रा में है।” उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हमें अपने कर्मक्षेत्र में स्वयं को पहचानने और श्रेष्ठ कर्म के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। व्यक्ति को अपने कर्तव्य और कर्म की पहचान कर उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
श्रीकृष्ण का जन्म अंधकार में हुआ, लेकिन समाज को प्रकाश दिखाया
सीएम योगी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म जेल में अंधकार के बीच हुआ, लेकिन उन्होंने पूरे समाज को प्रकाश का रास्ता दिखाया। श्रीकृष्ण का अवतरण धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि कंस के अत्याचार के खिलाफ संघर्ष से लेकर महाभारत तक श्रीकृष्ण का जीवन अन्याय के खिलाफ खड़े होने और धर्म की स्थापना का संदेश देता है। जीवन में जब भ्रम या संशय पैदा होता है, तब श्रीकृष्ण का संदेश व्यक्ति को सही मार्ग दिखाता है।
‘निष्काम कर्म को जीवन का हिस्सा बनाएं’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। जब तक व्यक्ति निष्काम कर्म को अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखेगा, तब तक देश की विजय यात्रा भी आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है। यह प्रतिस्पर्धा सकारात्मक होनी चाहिए, न कि नकारात्मक।
लखनऊ इस्कॉन मंदिर में 256 प्रकार के भोग
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित इस्कॉन मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण को 256 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। सुबह छह बजे से लगातार कीर्तन का आयोजन चल रहा है। जन्माष्टमी कार्यक्रम में बच्चों को भी शामिल किया गया है। बच्चों के लिए ‘कौन बनेगा कृष्णा डेवोटी’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। शाम छह बजे से मुकुंदा बैंड की प्रस्तुति के दौरान कृष्ण भक्त भक्ति में झूमते नजर आएंगे।
महामना इंटर कॉलेज में बच्चों के साथ बुजुर्गों ने भी लिया हिस्सा
गोमतीनगर स्थित महामना इंटर कॉलेज में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्रों ने उत्साह के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। यहां कुर्सी दौड़ के बाद आंखों पर पट्टी बांधकर हांडी छूने की प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बना। बच्चों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेते देख वहां मौजूद बुजुर्ग भी खुद को रोक नहीं सके और वे भी खेल में शामिल हो गए।
मंदिरों से लेकर पुलिस थानों तक जन्माष्टमी का उत्साह
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर राजधानी लखनऊ में जगहजगह उत्सव का माहौल है। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही हैं, वहीं लखनऊ के 53 पुलिस थानों में भी विशेष सजावट की गई है। पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम ने जन्माष्टमी के उत्सव को और खास बना दिया। शहर के मंदिरों, शिक्षण संस्थानों और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालु और बच्चे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।


