Lenskart Q2 Results: चश्मा बनाने वाली मशहूर कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड के शेयरों में 5 नवंबर को जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली. कारोबारी सत्र के दौरान बीएसई पर कंपनी का शेयर पिछले बंद भाव के मुकाबले 11 फीसदी तक उछल गया. इस तेज उछाल के साथ शेयर ने 767.40 रुपये का उच्च स्तर छू लिया. शेयरों में आई इस तेजी की बदौलत कंपनी का कुल मार्केट कैप भी बढ़कर 1.27 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है. बाजार में ये रौनक कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों के ठीक एक दिन बाद आई है.

कमाई के मोर्चे पर कंपनी का जोरदार प्रदर्शन
लेंसकार्ट ने एक दिन पहले ही अपने तिमाही के साथसाथ छमाही नतीजे जारी किए थे. जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में कंपनी ने कमाई के मोर्चे पर कमाल कर दिखाया है. सालाना आधार पर कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर 232.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. एक साल पहले की इसी तिमाही में कंपनी ने 113 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन भी 2.92 फीसदी सुधरकर 8.2 फीसदी हो गया है.
कंपनी के कामकाज से होने वाली कुल आय यानी रेवेन्यू में भी तगड़ा उछाल दर्ज किया गया है. सितंबर 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 35.72 फीसदी बढ़कर 2,845.03 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल यानी सितंबर 2025 की तिमाही में ये आंकड़ा 2,096.14 करोड़ रुपये था. वहीं कामकाजी मुनाफे की बात करें तो ये 50 फीसदी की छलांग लगाकर 621 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 414 करोड़ रुपये था. कंपनी का EBITDA मार्जिन भी पिछले साल के 20 फीसदी से बढ़कर 22 फीसदी पर आ गया है.
देश के 61 नए शहरों में फैला कारोबार
मुनाफे में बढ़त के साथसाथ लेंसकार्ट ने अपने कारोबार का तेजी से विस्तार किया है. जुलाईसितंबर तिमाही के दौरान कंपनी ने कुल 165 नए स्टोर खोले हैं. इसके साथ ही कंपनी के कुल एक्टिव स्टोर्स की संख्या बढ़कर 3,624 हो गई है. अगर सिर्फ भारत की बात करें तो कंपनी ने देश में 143 नए स्टोर शुरू किए हैं. इस विस्तार के जरिए लेंसकार्ट ने देश के 61 नए शहरों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है.
ब्रोकरेज फर्मों ने बढ़ाया शेयर का टारगेट
सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद दिग्गज ब्रोकरेज फर्मों का भरोसा लेंसकार्ट के शेयर पर बढ़ गया है. ब्रोकरेज हाउस नोमुरा ने कंपनी के प्रदर्शन को उम्मीद से बेहतर बताते हुए शेयर पर ‘बाय’ की रेटिंग कायम रखी है. नोमुरा ने इसके लिए 888 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है.
दूसरी तरफ HSBC ने स्टॉक की रेटिंग को अपग्रेड करते हुए ‘बाय’ कर दिया है. HSBC ने शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाकर 790 रुपये तय किया है. ब्रोकरेज का कहना है कि उसने भारत में मार्जिन बढ़ने को लेकर अपने अनुमान में बदलाव किया है. इसके अलावा कंपनी अब अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबार को भी पहले के मुकाबले ग्रोथ के एक बड़े मौके की तरह देख रही है.
अन्य ब्रोकरेज फर्मों में जेफरीज ने ‘बाय’ रेटिंग को बरकरार रखते हुए 780 रुपये का टारगेट दिया है. जेफरीज का मानना है कि मजबूत ग्रोथ के साथ मार्जिन में हो रही बढ़ोतरी से कंपनी के विकास की रफ्तार बनी हुई है. विदेशी मुद्रा के दबाव के बावजूद कंपनी के मार्जिन में सुधार सही दिशा में चल रहा है. वहीं CLSA ने इस शेयर को ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग देते हुए 773 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है.



