IndiaUttar Pradesh

​Mathura News: कोर्ट मैरिज की सजा! दामाद को अगवा किया, बंधक बनाया और लाठी-डंडों से पीटा… मौत

Mathura News: मथुरा जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक प्रेम विवाह का ऐसा खौफनाक अंजाम हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. कोर्ट मैरिज करने से नाराज लड़की के परिजनों ने अपने ही दामाद को बंधक बनाकर इतनी बुरी तरह पीटा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस जानलेवा हमले में मृतक का भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

​Mathura News: कोर्ट मैरिज की सजा! दामाद को अगवा किया, बंधक बनाया और लाठी-डंडों से पीटा… मौत

मई महीने में हुई थी कोर्ट मैरिज

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला जैत थाना क्षेत्र का है. थाना जमुनापार इलाके के गोसना गांव के रहने वाले युवक बंटी का थाना जैत के कुंज नगर की रहने वाली संजना के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों एकदूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था. इसके चलते दोनों ने इसी साल मई 2026 में घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज कर ली थी. बंटी और संजना अपनी नई जिंदगी शुरू कर चुके थे, लेकिन संजना का परिवार इस शादी को स्वीकार नहीं कर पाया. लड़की पक्ष के लोग इस प्रेम विवाह को लेकर बंटी और उसके परिवार से गहरी रंजिश रखने लगे थे.

ये भी पढे़ं

अगवा कर बंधक बनाया

लड़की के परिवार की यह रंजिश 21 सितंबर को एक खूनी वारदात में बदल गई. आरोप है कि संजना के भाई महेंद्र और परिवार के अन्य सदस्यों ने एक सोचीसमझी साजिश के तहत बंटी और उसके भाई शंकर को अगवा कर लिया. इसके बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों को एक जगह ले जाकर बंधक बना लिया. आरोपियों ने दोनों भाइयों पर लाठीडंडों से जानलेवा हमला किया और उन्हें बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

इलाज के दौरान बंटी ने तोड़ा दम

मारपीट की सूचना मिलने के बाद दोनों घायल भाइयों को आननफानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. दोनों की हालत बेहद नाजुक थी. डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद, घटना के अगले दिन इलाज के दौरान बंटी ने दम तोड़ दिया. वहीं, उसके भाई शंकर की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है. बंटी की मौत की खबर सुनते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया.

पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

इस वारदात के बाद मथुरा पुलिस पूरी तरह से एक्शन में आ गई. सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि बंटी की मौत के बाद दर्ज एफआईआर में हत्या की गंभीर धाराएं बढ़ा दी गई हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महेंद्र समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक बंटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply